शिवपुरी। मेडिकल कॉलेज खुलने के साथ ही कैंसर मरीजों के इलाज की सुविधा शिवपुरी जिले में ही मिलने लगी है। कॉलेज खुलने के बाद महिला के स्तन कैंसर का पहला सफल ऑपरेशन हुआ है। मेडिकल कॉलेज शिवपुरी के डॉक्टर सौरभ चौहान ने पहली बार शिवपुरी में ही स्तन कैंसर का ऑपरेशन किया है। कैंसर पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए ग्वालियर अथवा किसी अन्य महानगर के अस्पतालों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
महिला रतना यादव (46) को दायें स्तन में 3 गुणा 4 सेंटीमीटर की गांठ पड़ गई थी। मूलत: सागर की रहने वाली रतना यादव कोरोना संक्रमण के बावजूद मई में इलाज कराने शिवपुरी आई। मेडिकल कॉलेज शिवपुरी के सर्जन विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर सौरभ सिंह चौहान ने परीक्षण किया और छोटा ऑपरेशन करके गांठ निकाल दी। फिर कैंसर की संभावना के चलते जांच कराई। दिल्ली से सात दिन बाद जांच रिपोर्ट में स्तन कैंसर निकला। इसके बाद बड़े ऑपरेशन की तैयार शुरू कर दी। स्तन कैंसर का सफल ऑपरेशन हो गया। एक महीने मरीज को निगरानी में रखा और आज रचना यादव स्वस्थ हैं। एक कीमोथैरेपी भी हो गई है।
कांख तक फैल गया था कैंसर
जांच रिपोर्ट में स्तन कैंसर की पुष्टि होने के बाद सीटी स्कैन और सोनोग्राफी कराई, ताकि पता चल सके कि शरीर में कैंसर कहां-कहां तक फैल चुका है। लीवर, रीड की हड्डी आदि की जांच के बाद ऑपरेशन शुरू किया। स्तन कैंसर कांख तक फैल चुका था, जिसमें छोटी-छोटी गठानें पड़ गईं थीं। कैंसर की सारी निकालीं। लेवल टू पर जाकर स्तन कैंसर का ऑपरेशन किया है। ऑपरेशन में 4.30 घंटे का वक्त लगा।
पहली बार स्तन कैंसर का सफल ऑपरेशन किया है
सागर की रहने वाली महिला शिवपुरी में हमारे यहां इलाज कराने आई थी। छोटा ऑपरेशन करके गांठ निकालकर जांच के लिए दिल्ली भेजी तो स्तन कैंसर पाया गया। इसके बाद स्तन कैंसर का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन सफल रहा और लगभग एक महीना होने जा रहा है, मरीज बिल्कुल स्वस्थ है। जिले में यदि कैंसर जैसी शिकायत है तो जांच कराएं, शिवपुरी में ही ऑपरेशन करेंगे। डॉ सौरभ सिंह चौहान, सर्जन एवं प्रोफेसर सर्जरी विभाग, मेडिकल कॉलेज शिवपुरी






Be First to Comment