नई दिल्ली

नई दिल्ली के शहीदी पार्क में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन करते AAP कार्यकर्ता।
दिल्ली शराब नीति केस में PMLA कोर्ट ने 22 मार्च को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 6 दिन की (28 मार्च तक) ED की रिमांड पर भेज दिया। दोपहर 2 बजे उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई 2.15 बजे से शाम 5.15 बजे तक चली। केजरीवाल को 21 मार्च को CM हाउस से गिरफ्तार किया गया था।
अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने वीडियो मैसेज में केजरीवाल का संदेश पढ़कर सुनाया। इस संदेश में केजरीवाल ने कहा कि अब तक मैंने बहुत संघर्ष किया है, आगे भी मेरी जिंदगी में बड़े संघर्ष लिखे हैं। इसलिए जेल जाने से मुझे अचंभा नहीं हुआ। AAP के कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि मेरी गिरफ्तारी की वजह से भाजपा वालों से नफरत नहीं करनी है।
ED कस्टडी में अरविंद केजरीवाल ने पहली रात घर का खाना खाया। हेल्थ इश्यू की वजह से कोर्ट ने ED कस्टडी में उन्हें मेडिकेटेड फूड प्रोवाइड कराने या घर का खाना खाने की इजाजत दी है। उन्हें सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशन वाले कमरे में रखा गया है, हालांकि केजरीवाल पूरी रात ठीक से सो नहीं सके।
शनिवार सुबह AAP नेता आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ED को अब तक रेड में एक रुपया नहीं मिला है। जिस मनी ट्रेल की तलाश हो रही है, आज वो सामने आ गई है। मैं मोदीजी को चैलेंज कर रही हूं कि सारा पैसा भाजपा के बैंक अकाउंट में गया।
वहीं, तिहाड़ जेल में बंद ठग सुकेश ने अरविंद केजरीवाल के नाम चिट्ठी लिखी है। उसने लिखा- डियर ब्रदर अरविंद केजरीवाल, वेलकम टु तिहाड़ क्लब। कट्टर ईमानदारी के आपके सारे जुमले और ड्रामे का आखिर अंत हो गया है। मैं बहुत खुश हूं कि मेरे तीनों भाई अब यहां है, तिहाड़ क्लब चलाने के लिए चेयरमैन बिग बॉस- अरविंद केजरीवाल। CEO-मनीष सिसोदिया और COO- सत्येंद्र जैन।
अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने उनका संदेश पढ़कर सुनाया
अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने उनका संदेश पढ़ा। उन्होंने एक वीडियो मैसेज में कहा कि अरविंद केजरीवाल जी ने जेल से आप सभी के लिए संदेश भेजा है।
इस संदेश में केजरीवाल ने कहा कि मुझे कल गिरफ्तार कर लिया गया। मैं अंदर रहूं या या बाहर, हर पल देश की सेवा करता रहूंगा। मेरी जिंदगी का एक-एक पल और मेरे शरीर का एक-एक कतरा देश के लिए समर्पित है। इस पृथ्वी पर मेरा जन्म संघर्ष के लिए हुआ है। अब तक बहुत संघर्ष किया है, आगे भी मेरी जिंदगी में बड़े संघर्ष लिखे हैं। इसलिए जेल जाने से मुझे अचंभा नहीं हुआ।
मुझे आप लोगों से बहुत प्यार मिला है। मैंने पिछली जन्म में कुछ बहुत अच्छे काम किए होंगे कि मैं भारत जैसे महान देश में पैदा हुआ। हमें फिर से मिलकर भारत को महान देश बनाना है। दुनिया का सबसे शक्तिशाली और नंबर 1 देश बनाना है। भारत के अंदर और बाहर ऐसी कई खतरनाक शक्तियां हैं जो देश को कमजोर कर रही हैं। हमें सचेत रहकर इन शक्तियों को हराना है। और भारत में ही कई ऐसे लोग हैं और शक्तियां हैं, जो देशभक्त हैं, जो भारत को आगे बढ़ाना चाहती हैं। हमें इन ताकतों के साथ जुड़ना है और इन्हें मजबूत बनाना है।
दिल्ली की मेरी मां-बहनें सोच रही होंगीं कि केजरीवाल तो अंदर चला गया, पता नहीं अब महीने का हजार रुपया मिलेगा या नहीं। मेरी माताओं और बहनों से अपील है कि अपने भाई और बेटे पर भरोसा रखो। ऐसी सलाखें नहीं जो आपके भाई और आपके बेटे को ज्यादा दिन अंदर रख सकें। मैं जल्द बाहर आऊंगा और अपना वादा पूरा करूंगा। आपका भाई, आपका बेटा लोहे का बना है, बहुत मजबूत है। बस एक विनती है कि मंदिर जाना और मेरे लिए भगवान से आशीर्वाद मांगना। करोड़ों लोगों की दुआएं मेरे साथ हैं, यही मेरी ताकत है।
आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि मेरे अंदर जाने से लोकसेवा और जनकल्याण का काम रुकना नहीं चाहिए। इस वजह से भाजपा वालों से नफरत नहीं करनी है। मैं जल्द लौटकर आऊंगा।
आपका अपना, अरविंद केजरीवाल
सुकेश बोला- मैं केजरीवाल और उसकी टीम के खिलाफ गवाही दूंगा
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तिहाड़ जेल में बंद ठग सुकेश ने राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी के लिए जाते समय कहा कि मैं केजरीवाल का पर्दाफाश करूंगा। मैं केजरीवाल और उसकी टीम के खिलाफ गवाही दूंगा।
इसके अलावा सुकेश ने केजरीवाल के नाम चिट्ठी में लिखा-
डियर ब्रदर, अरविंद केजरीवाल
हमेशा की तरह सत्य जीत गया। ये नए भारत की ताकत है। एक शानदार उदाहरण है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
बहुत अच्छा मौका है। 25 मार्च को मेरा जन्मदिन है। इस दिन दोहरी खुशी मनाई जाएगी। आपकी गिरफ्तारी को मैं अपना सबसे अच्छा बर्थडे गिफ्ट मानता हूं।
मैं बहुत खुश हूं कि मेरे तीनों भाई अब यहां है, तिहाड़ क्लब चलाने के लिए चेयरमैन बिग बॉस- अरविंद केजरीवाल। CEO-मनीष सिसोदिया और COO- सत्येंद्र जैन।











Be First to Comment