जगदलपुर

छत्तीसगढ़ में बस्तर वासियों के लिए अब दिल्ली की राह आसान हो गई है। जगदलपुर से दिल्ली की फ्लाइट आज 12 मार्च से शुरू होगी। दोपहर 12 बजे फ्लाइट जगदलपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी, जो मध्य प्रदेश के जबलपुर होते हुए सीधे शाम करीब 3:55 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी। आज जगदलपुर एयरपोर्ट पर विमान को वॉटर कैनन से सैल्यूट किया जाएगा।
जगदलपुर से दिल्ली के लिए अलायंस एयर का विमान यात्रियों को सेवा देगा। शुरुआती दिनों में यात्रियों को जगदलपुर से दिल्ली तक के लिए लगभग 2800 से 3000 रुपए तक का किराया देना होगा। बताया जा रहा है कि आज 12 मार्च को फ्लाइट जब जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेगी, तो CM विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से विमान सेवा की शुरुआत करेंगे।

जगदलपुर से दिल्ली की फ्लाइट आज 12 मार्च से शुरू होगी।
ये होगा समय
सुबह 7:30 बजे फ्लाइट दिल्ली से उड़ान भरेगी, जो सुबह 9:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी। फिर यहां से 10:30 बजे उड़ान भरकर 11:30 बजे जगदलपुर पहुंचेगी। यहां से करीब 12 बजे उड़ान भरकर 1:25 बजे फ्लाइट जबलपुर में लैंड होगी। यहां 30 मिनट के स्टॉपेज के बाद 1:55 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी और वहां 3:55 बजे लैंड होगी।
ये फायदा होगा
दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू होने से इससे यहां के लोगों को व्यापार, हेल्थ और एजुकेशन के लिए फायदा मिलेगा। फिलहाल दिल्ली के लिए बस्तर के लोग पहले राजधानी रायपुर जाते हैं और वहां से फिर फ्लाइट लेकर दिल्ली जाते हैं या फिर रायपुर से ट्रेन का सफर करना पड़ता है। ऐसे में यात्रा काफी लंबी हो जाती है। अब जगदलपुर से फ्लाइट शुरू होने से कम समय में लोग आसानी से दिल्ली आ-जा सकेंगे।
पैरामिलिट्री फोर्स के लिए चलती है फ्लाइट
वर्तमान में जगदलपुर से दिल्ली के लिए पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों के लिए एक फ्लाइट है, जो जगदलपुर से सीधे दिल्ली तक की है। ये फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन शनिवार, रविवार और बुधवार को चल रही है।



