अमरोहा

अमरोहा में एक पति ने पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी के साथ जांच पड़ताल की है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने सबूत जुटाए।
अब पढ़िए पूरी घटना…

दरअसल, यह घटना मंडी धनौरा थाना इलाके के गांव हलपुरा की है। गांव में निजी सुरक्षा गार्ड किशोरी लाल का परिवार रहता है। उनके बेटे विनय (26) की शादी 6 साल पहले क्षेत्र के गांव पेली तगा में रहने वाले नरेंद्र शर्मा की बेटी आंचल शर्मा(24) के साथ हुई थी। आंचल शर्मा पर दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी चार साल की है, जबकि छोटा बेटा दो साल का है। विनय कोचिंग सेंटर चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे। लॉकडाउन के समय पर कोचिंग सेंटर बंद हो गया था।
पत्नी के पिता भा आए थे घर
इसके बाद से विनय घर पर ही थे। परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। बुधवार की रात विनय ने अपनी पत्नी आंचल शर्मा और मां सुशीला के साथ चाय पी थी। इस दौरान आंचल शर्मा के पिता नरेंद्र शर्मा भी आए हुए थे। किशोरी लाल अपने समधी नरेंद्र शर्मा के साथ घर के बाहर बरामदे में सोए हुए थे। तभी विनय ने रात लगभग 11 बजे अपनी पत्नी आंचल शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। साथ ही खुद को भी गोली से उड़ा लिया।

यह घर विनय का है। जहां पर विनय ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है।
गोली की आवाज सुनकर दौड़े परिवार के लोग
इस घटना में दोनों की मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर सुशीला देवी की आंख खुल गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन कमरे की तरफ दौड़े। लेकिन कमरे का दरवाजा बंद था। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।परिवार के लोगों ने खिड़की से देखा तो विनय और उसकी पत्नी आंचल शर्मा लहूलुहान हालत में बेड पर पड़े थे। इसके परिवार के लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। फिर कमरे में दाखिल हुए। दोनों के शव खून से लथपथ पड़े थे। जिसे देखकर घर वालों की चीख निकल गई।

घर लोगों की भीड़ लगी हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोरोना काल में कोचिंग सेंटर हो गया था बंद
बताया जा रहा है कि दोनों पति पत्नी में रोजाना की कहासुनी के चलते अनबन रहती थी। साथ ही बताया जा रहा है कि विनय शर्मा कोचिंग सेंटर चलाता था। लेकिन कोरोना काल में कोचिंग सेंटर बंद हो गया था। जिसके बाद से वह गांव में ही था और घर पर ही रहता था।
मृतक के पिता किशोरी लाल ने बताया कि रात दोनों ने साथ में बैठकर खाना खाया था और दोनों अपने कमरे में करीब साढ़े नौ बजे सोने चले गए थे। इसके बाद 11 बजे यह घटना हो गई है। दोनों आपसी विवाद होता रहता था। लेकिन कल रात कुछ नहीं हुआ था।

मृतक के पिता किशोरी लाल ने बताया कि रात में दोनों ने साथ में बैठकर खाना खाया था।
इस मामले में सर्किल सीओ स्वेताभ भास्कर का कहना है कि विनय शर्मा ने पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में खुद को भी गोली मार ली। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेजा गया है। परिवारिक विवाद इस घटना की वजह बताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।



