शिवपुरी में बालक-बालिकाओं की राज्य स्तरीय मलखम्ब प्रतियोगिता सम्पन्न300 से अधिक खिलाडिय़ों ने लिया भाग
शिवपुरी। खेल एवं युवा कल्याण, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मलखम्ब हमारे देश का एक प्राचीन एवं परम्परागत खेल है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने मलखम्ब को राज्य के खेल का दर्जा दिया है। इस खेल से उनको काफी लगाव रहा है। 2005 में झांसी में इस खेल को देखने के बाद निर्णय लिया कि मध्यप्रदेश में भी मलखम्ब की प्रतियोगिताए आयोजित की जाए।
श्रीमती सिंधिया 31वीं सब जूनियर एवं 30वीं मिनी बालक/बालिका राज्य स्तरीय मलखम्ब प्रतियोगिता का सरस्वती विद्यापीठ स्कूल, फतेहपुर रोड़ शिवपुरी में समापन कार्यक्रम को मुख्य आतिथि के रूप में संबोधित कर रही थी। श्रीमती सिंधिया ने इस मौके पर प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए खिलाडिय़ों को शील्ड एवं प्रशंसा पत्र प्रदाय कर पुरस्कृत किया। इस मौके पर पोहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रहलाद भारती, मलखम्ब संघ के प्रदेश सचिव किशोर श्रीवास्तव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक डॉ.एस.एल.थाउसेन, सरस्वती विद्यापीठ के ज्ञान सिंह, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाण्डे, संयुक्त संचालक विनोद प्रधान, संभागीय खेल अधिकारी एम.के.धौलपुरिया सहित मध्यप्रदेश के 12 जिलों के चयनित लगभग 300 से अधिक खिलाड़ी एवं उनके प्रशिक्षक उपस्थित थे।
श्रीमती सिंधिया ने कहा कि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मलखम्ब खेल महाराष्ट्र राज्य का खेल है, इस खेल को मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य का खेल घोषित किया है। मलखम्ब के सभी खिलाड़ी अपना लक्ष्य निर्धारित कर बेहतर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करें। उन्होंने उज्जैन एवं शाजापुर के मलखम्ब के खिलाडिय़ों की खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि शाजापुर एवं उज्जैन के बच्चों ने गणतंत्र दिवस की परैड में राष्ट्रपति के समक्ष मलखम्ब खेल का प्रदर्शन कर अपने प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल हुए सभी खिलाडिय़ों को शुभकामनाए एवं बधाई देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी प्रथम स्थान प्राप्त करने का प्रयास करें और अंतराष्ट्रीय स्तर पर आसमान को छूने का लक्ष्य रखकर खेलों को खेलें। जिससे प्रदेश एवं देश का भी नाम रोशन होगा।
श्रीमती सिंधिया ने कहा कि छात्र-छात्राए पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अपना नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि खेल विभाग द्वारा विभिन्न खेलों की 17 अकेडमियां संचालित की जा रही है। जिसमें मुख्य रूप से नौकायन, बोक्सिंग, पिस्टल, रायफल, जूडो कराते, रेसलिंग आदि अकादमियों के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा रहे है। जो अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कर रहे है। कार्यक्रम के शुरू में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक डॉ.एस.एल.थाउसेन ने कहा कि यह बड़ी खुशी की बात है कि राज्य स्तरीय यह प्रतियोगिता शिवपुरी में आयोजित की गई है। जिसका श्रेय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री एवं क्षेत्रिय विधायक श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया को जाता है। उन्होंने इस प्रतियोगिता के आयोजन हेतु सभी सहयोगियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।






Be First to Comment