8 हजार मेट्रिक टन गेहूं का हुआ उर्पाजन

शिवपुरी। कलेक्टर तरूण राठी ने शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर जिले में किसानों से गेहूं खरीदी हेतु बनाए गए उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण कर केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में किसानों से चर्चा कर राज्य शासन की कृषक समृद्धि योजना के तहत मिलने वाली राशि के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान अनुविभागीय दण्डाधिकारी कोलारस अंकित अष्ठाना, जिला आपूर्ति अधिकारी एन.के.शर्मा, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक ए.एस.कुशवाह सहित संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर राठी ने शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन हेतु जिले में बनाए गए 64 उपार्जन केन्द्रों में से आज कोटा भगोरा, टोडापिछोर, टीला, करैरा मण्डी के अंतर्गत दहेला एवं करई उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण कर केन्द्रों पर उपार्जन हेतु उपयोग में होने वाले बारदाना, सिलाई मशीन, तोल कांटा आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर किसानों से शासन द्वारा इस वर्ष समर्थन मूल्य पर दिए जा रहे 265 रूपए प्रति क्विंटल की जानकारी के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बताया कि गत वर्ष किसानों को समर्थन मूल्य पर गेहूं उर्पाजन करने वाले किसानों को शासन द्वारा बोनस नहीं दिया गया था। लेकिन राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष गतवर्ष समर्थन मूल्य पर बेचे गए गेहूं पर 200 रूपए प्रति क्विंटल की राशि किसानों के खातों में जमा की जाएगी। राठी ने मतदान केन्द्रों पर किसानों को मूल भूत सुविधाओं के साथ-साथ उनकी समस्याओं को भी सुना और अधिकारियों को आवश्यक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से केन्द्रों पर उपार्जित किए जा रहे गेहूं के भण्डारण एवं परिवहन के संबंध में भी जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर जिले में 64 केन्द्र बनाए गए है। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने हेतु 36 हजार 32 कृषकों द्वारा पंजीयन कराया जा चुका है। जिले में अभी तक 56 केन्द्रों पर 6 हजार मेट्रिक टन गेहूं का उर्पाजन किया जा चुका है। उर्पाजन का कार्य 26 मई 2018 तक किया जाएगा। शासन द्वारा किसानों से गेहूं खरीदी हेतु 1735 प्रति क्विंटल का मूल्य निर्धारित किया गया है। राज्य सरकार द्वारा गेहूं खरीदी पर किसानों को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत 265 रूपए प्रति क्विंटल के रूप में बोनस भी दिया जाएगा।





Be First to Comment