
तीन दिन पहले से शुरू हो गए थे धार्मिक कार्यक्रम, आज नगर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा
शिवपुरी। अहिंसा के पुजारी भगवान महावीर की जयंती आज सकल जैन समाज ने पारंपरिक उत्साह हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई। भगवान महावीर की जयंती मनाने के लिए जैन समाज में अपूर्व उत्साह देखने को मिला। जयंती समारोह पिछले तीन दिन से चल रहे हैं, लेकिन आज नगर के प्रमुख मार्गों से भगवान महावीर का विशाल चल समारोह निकला। जिसका स्थान-स्थान पर जोरदार स्वागत किया गया। रात में भगवान महावीर जयंती के अवसर पर महावीर जिनालय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं भगवान महावीर के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला जाएगा।
जैन समाज के दिलीप जैन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नगर में भगवान महावीर जयंती के अवसर पर 27 मार्च से धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह-सुबह महावीर जिनालय से बाइक रैली निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबियों ने भाग लिया। बाइक रैली में शामिल लोगों ने शहर भर में घूमकर विभिन्न जिनालयों में पहुंंचकर भगवान महावीर के दर्शन किए। तत्पश्चात महावीर जिनालय पर भक्ताम्बर विधान का आयोजन किया गया। जिसमें बाल ब्रहृमचारी धीरज भैया ने प्रतिष्ठाचार्य की भूमिका का निर्वहन किया। इसके बाद रात्रि में कौन बनेगी मां त्रिशला और बालक वर्धमान प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। 28 मार्च को महावीर जिनालय पर हरिद्वार से आईं डीपी कौशिक पाटी्र्र ने करूणा के वीर महावीर नाम से शानदार नृत्य नाटिका पेश कर धर्मप्रेमियों को मंत्र मुग्ध कर दिया। भगवान महावीर जयंती के अवसर पर आज सुबह चंद्रप्रभु जिनालय से भगवान महावीर का चल समारोह निकाला गया। जो निचला बाजार से सदर बाजार, माधव चौक, गांधी चौक, कोर्ट रोड़, अस्पताल चौराहा होते हुए पुन: चंद्रप्रभु जिनालय पहुंचा। रास्ते में अनेक स्थानों पर भगवान महावीर का गुणगान करते हुए अनेक भजन गाए गए और शोभायात्रा का शहरवासियों ने दिल खोलकर अनेक स्थानों पर स्वागत किया। चल समारोह में पुरूषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया। देर रात महावीर जिनालय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रवचन आयोजित किए गए।
संयम कीर्ति स्तंभ का हुआ लोकार्पण
भगवान महावीर जयंती के अवसर पर 14 नम्बर कोठी के पास बने संयम कीर्ति स्तंभ का आज भव्य तरीके से लोकार्पण किया गया। इस कीर्ति स्तंभ का निर्माण प्रसिद्ध आचार्य विद्यासागर जी महाराज के 50वें दीक्षा दिवस के अवसर पर जैन समाज द्वारा कराया गया है।






Be First to Comment