
शिवपुरी। शिवपुरी में अफसरशाही भाजपा नेता और मंत्रियों पर हावी है। अधिकारी जैसे कह दें वैस मानना सत्ताधारी दल के नेताओं की इस समय मजबूरी हो गई है। इसी क्रम में जिस सर्किट हाउस रोड पर दो महीने से काम बंद था उस पर शुक्रवार को एकाएक दिखाने के लिए एक रोलर भेज काम शुरू होना अधिकारियों ने बता दिया। खबर है कि खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया शुक्रवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम अनुसार शिवपुरी में थी इस दौरान पिछले दो दिन से मीडिया में आ रही खबरें कि सर्किट हाउस रोड पर दो महीने से काम बंद है और जनता परेशान हो रही। इसे खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया संज्ञान में न ले लें, इसलिए पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को ठेकेदार पर दबाव बनाकर एक रोलर भेज यहां पर एकाएक काम शुरू कर दिया। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को आशंका थी कि आज खेल मंत्री अपने दौरे के दौरान इस रोड पर धीमी गति से चल रहे काम के बारे में पूछ सकती हैं इसका तोड़ निकालते हुए अधिकारियों ने एकाएक यहां पर ठेकेदार से काम शुरू कर दिया। इस क्षेत्र के निवासियों ने बताया है कि पिछले दो महीने से यहां पर गिट्टी लेबल पर ठेकेदार ने काम बंद कर दिया और आवागमन को लेकर आमजन परेशान हैं। क्षेत्र वासियों का कहना है कि पिछले तीन साल से यहां पर नई रोड बनाने का काम चल रहा है लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो पाया है।
टाइम लिमिट भी निकली, काम पूरा नहीं हो सका
इस रोड का निर्माण कर रही जगन जय इंफ्राकॉन प्रालि को काम पूरा करने की जो तय समय सीमा दी गई थी वह निकल चुकी है। इसके बाद भी अधिकारी इस ठेकेदार पर मेहरबान बने हुए हैं। प्रतिस्पर्धा के चलते कम रेट पर ठेकेदार ने काम तो ले लिया लेकिन अब इसे पूरा करने में पसीना आ रहा है। बताया तो यह जा रहा है कि अधिकारियों से मिलीभगत कर मुनाफे वाला काम ठेकेदार ने पहले कर दिया और पेमेंट भी ले लिया।, लेकिन अब जिस काम में घाटा है उसे पूरा करने में आनाकानी की जा रही है।
जनता ने पूछा-कब डलेगा डामर
सर्किट हाउस रोड का काम अधर में लटका होने से यहां चार कॉलोनी की जनता परेशान हो रही है। खेल मंत्री को दिखाने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने शुक्रवार को इस रोड पर एक रोलर से एकाएक काम तो शुरू कर दिया लेकिन यहां पर डामर और दूसरे जो शेष काम होना है वह कब पूरा होंगे। इस बारे में जनता पीडब्ल्यूडी अधिकारी और जनप्रतिनिधियों से पूछ रही है।






Be First to Comment