
शिवपुरी। करैरा में नगर पंचायत द्वारा नागरिकों को गंदा और दूषित पेयजल सप्लाई किया जा रहा है जिससे नगर में बीमारी फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करैरा नगर में पेयजल आपूर्ति का मुख्य स्त्रोत महुअर नदी पर बना स्टॉप डैम है। जहां से पानी फिल्टर प्लांट तक भेजा जाता है। यहां जो हालात हैं वह अगर देख लिए जाएं तो उसके बाद नागरिकों को पानी पीना तो दूर उससे कुल्ला करने की भी इच्छा नहीं होगी। इस स्टॉप डैम में गंदगी की भरमार है साथ ही इसमें भैंसे तैरती हुई नजर आती हैं। हर रोज लोगों का कपड़े धोना और नहाना आम बात है। यहां का पानी दूषित न हो इसके लिए चौकीदार रखे गए हैं, लेकिन मौके पर कोई चौकीदार नहीं आता है। भैंसों के नहाने के पीछे नगर पंचायत के कर्मचारियों और सीएमओ का तर्क है कि उक्त भैंसे दबंग लोगों की हैं और वह दबंग लोग किसी का कहना नहीं मानते हैं। दंबगाई से डरे हुए नगर परिषद के कर्मचारी अधिकारी जनता को क्या पीने के पानी के रूप में पिला रहे हैं इसकी उन्हें परवाह नहीं है।






Be First to Comment