शिवपुरी। दिनारा पुलिस को 26 जनवरी 2018 के दिन राधेलाल लोधी निवासी ग्राम कछौआ द्वारा फोन पर सूचना दी गई कि उसके भाई रामस्वरूप लोधी की लाश पिछोर रोड पर डली हुई है। सूचना के आधार पर दिनारा पुलिस द्वारा मर्ग की कायमी कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच में प्रथम दृष्टया मामला हत्या का पाये जाने से अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल सिंह मौर्य के निर्देश पर एवं करैरा एसडी ओपी बद्री प्रसाद तिवारी के मार्गदर्शन में दिनारा थाना प्रभारी आरआर द्वारा गहनता से विवेचना की गई। जिसमें कॉल डीटेल एवं साक्षियों के कथनों से स्पष्ट हुआ कि मृतक रामस्वरूप का उसकी पत्नी सरूपी लोधी से झगड़ा हुआ था।
झगड़े के बाद सरूपी ग्वालियर रह रही थी। दिनांक 25 जनवरी 2018 को सरूपी लोधी ने अपने प्रेमी मोहर सिंह लोधी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। सरूपी लोधी द्वारा अपने पति मृतक रामस्वरूप लोधी को फोन करके ग्वालियर बुलाया और कहा मंै गाँव में तुम्हारे साथ अच्छे से रहूंगी। इसके बाद मृतक रामस्वरूप लोधी पत्नी सरूपी लोधी को ग्वालियर से कार क्रमांक एमपी 07 सीएफ 2962 से अपने प्रेमी मोहर सिंह लोधी व जीतू लोधी निवासी ग्वालियर के साथ गाँव के लिये आये और गाँव से पहले ही पिछोर रोड पर स्वाफी से गला दबाकर मारपीट की एवं गाड़ी चढ़ाकर हत्या करके भाग गये थे।
जिन्हें आज 14 जून को ग्वालियर से दिनारा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया एवं घटना में प्रयुक्त कार को आरोपी मोहर सिंह से बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। उक्त कार्यवाही में दिनारा थाना प्रभारी रामराजा तिवारी, थनरा चौकी प्रभारी संध्या श्रीवास्तव, सहायक उपनिरीक्षक संजय भगत, सहायक उपनिरीक्षक रामनिवास शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक विवेक भट्ट, प्रधान आरक्षक चरण सिंह, महिला आरक्षक प्रभावती, आरक्षक अशोक तिवारी, आरक्षक रूपेंद्र यादव, आरक्षक पुष्पेंद्र चौहान, आरक्षक मनीष कुमार आदि की मुख्य भूमिका रही।






Be First to Comment