महिला सुरक्षा एवं सम्मान पर पटेल पार्क में आयोजित हुआ कार्यक्रम
महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों में विद्यार्थी और अभिभावकों की भूमिका पर पुलिस टीम ने दिए टिप्स, दिलाई शपथ

शिवपुरी। पटेल पार्क विकास समिति एवं मध्यप्रदेश पत्रकार संघ द्वारा स्थानीय पटेल पार्क में महिला सुरक्षा पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाण्डेय शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीओपी जीडी शर्मा, रक्षित निरीक्षक अरविन्द सिंह सिकरवार, फिजिकल थाना प्रभारी विकास यादव, महिला डेस्क प्रभारी कोमल परिहार एवं वार्ड पार्षद पंकज शर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं बच्चों से रू-ब-रू होते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाण्डेय ने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों के प्रति जागरूक रहना चाहिये और उनके साथ दोस्ताना व्यवहार रखना चाहिये। अभिभावकों को टिप्स देते हुए श्री पाण्डे ने कहा कि स्कूल कालेज जाने वाली छात्राओं को यह समझाइश देना चाहिये कि वे अपने गंतव्य पर जाते समय व्यवस्तम मार्ग का ही चयन करें। कभी भी ऐसे रास्ते को न चुनें जो एकांतमय हो। साथ ही छात्राओं को यह भी बताएं कि रास्ते में यदि उनके साथ किसी भी प्रकार की कोई शरारत करे तो वे सबसे पहले अपने अभिभावकों एवं पुलिस को 100 नम्बर पर सूचित करें।
एडीशनल एसपी कमल मौर्य ने कहा कि आज की नारी को डरकर नहीं बल्कि डटकर सामना करने की जरूरत है, किन्तु इसके लिए जरूरी है कि हर बालिका किसी भी परिस्थिति में मुसीबत आने पर डरे सहमें नहीं बल्कि अपनी हर बात को अपने अभिभावकों के साथ साझा करे। अभिभावकों को भी जरूरत है बच्चों की बात को गंभीरता से लें, उस पर मनन करें और समझादारी से उनकी समस्या का निराकरण कराएं। पुलिस प्रशासन और शासन उनकी हर समस्या का निराकरण करने में उनके साथ है।
एसडीओपी जीडी शर्मा ने कहा कि आज बालिकाओं को चुनौतियों से लडऩा ही उनके समक्ष एक बड़ी चुनौती है। समाज में, घर में महिलाओं को आज भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है ऐसे में इस भावी पीढ़ी की बालिकाएं हीं अपने अन्दर की क्षमता को सामने डटकर प्रदर्शित कर सकती हैं। हमारे देश में ऐसे अनेकों उदाहरण हैं जिसमें महिलाओं ने दबंगों का डटकर सामना कर, उनसे बराबरी से लड़कर देश का नाम रोशन किया है।
रक्षित निरीक्षक अरविन्द सिंह सिकरवार ने कहा कि महिलाएं अन्याय नहीं सहें हर स्थिति में सामना करें और आवश्यकता पर बेझिझक पुलिस को 100 अथवा महिला हेल्प लाइन नम्बर 1090 पर फोन पर उनकी मदद लें। महिला हेल्प लाइन पर महिला ही फोन रिसीव करती हैं और महिलाओं की हर बात, उनकी पहचान पूर्णत गोपनीय रखी जाती है। बालिकाओं को सोशल मीडिया पर अपनी गोपनीय एवं पर्सनल जानकारी साझा नहीं करना चाहिये। बिना जाने पहचाने किसी भी सोशल मीडिया पर बातचीत नहीं करना चाहिये। ऐसे हजारों उदाहरण सामने आ रहे हैं जिससे महिलाओं को विपरीत परिस्थिति का सामना करना पड़ता है। उन्होंने हर संभव पुलिस प्रशासन के सहयोग की बात कही। कार्यक्रम का सफल संचालन अनिल कुमार अग्रवान ने तथा आभार मध्यप्रदेश पत्रकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेश सिंह तोमर ने ज्ञापित किया।






Be First to Comment