शिवपुरी। शिवपुरी में भीषण पेयजल संकट को देखते हुए प्रायवेट टेंकर वालों ने टेंकर की दर बढ़ाकर 600-700 रूपए प्रति टेंकर कर दी थी। इससे जनता को निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने डिप्टी कलेक्टर संजीव जैन की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय कमेटी का गठन टेंकरों की दर निर्धारित करने के लिए किया। जिसने निर्णय लिया कि 3000 लीटर वाले पानी के टेंकर का शुल्क 250 और 5000 लीटर वाले टेंकरों का शुल्क 300 से अधिक नहीं लिया जाएगा। प्रशासन के इस निर्णय का जनता ने स्वागत किया। लेकिन भाजपा नेताओं ने प्रशासन के निर्णय का विरोध करना शुरू कर दिया है।
विधायक प्रतिनिधि राजू गुर्जर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर प्रशासन के निर्णय का मुखर विरोध किया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए लिखा है कि अब टेंकर वालों को डीजल फ्री या आधी रेट में प्रशासन उपलब्ध कराए। ड्रायवर भी सरकारी दिलवा दीजिए। उन्होंने प्रशासन को दबाव में डालने के लिए फेसबुक पर एक अन्य पोस्ट लिखी है कि अब प्रशासन को एम्बुलेंस का किराया भी फिक्स करना चाहिए। श्री गुर्जर की पोस्ट का जहां आम नागरिकों ने विरोध करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दर्ज कराई है। वहीं भाजपा नेता प्रशासन के निर्णय पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। वरिष्ठ पार्षद अभिषेक शर्मा प्रशासन पर हमला बोलते हुए लिखते है कि अगर 300 रूपए में टेंकर मिल जाए तो फिर प्रशासन खुद क्यों नहीं पानी वितरण करता है। आखिर इन एसी कमरों में वेतुका फरमान देने वाले जरा देखे की पानी कैसे मिलता है और कितना बटता है।






Be First to Comment