रिश्वत मांगने का लगाया आरोप
शिवपुरी। करैरा जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर शनिवार को कार्यालय में पदस्थ बाबू राकेश कुमार सोनी ने जनपद सीईओ आरके गोस्वामी के स्थानांतरण की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पीड़ित बाबू ने जनपद सीईओ पर 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया है। सोनी ने कहा कि उसकी वेतनवृद्धि और सस्पेंड होने से पूर्व रोकी गई साढ़े तीन लाख रुपए की राशि निकालने को लेकर सीईओ उससे 50 हजार रुपए की मांग कर रहे हैं और पिछले डेढ साल से जांच का बहाना बनाकर उसे परेशान कर रहे हैं। सोनी ने यह भी कहा है कि अगर सीईओ का स्थानांतरण नहीं हुआ तो वह इस्तीफा देकर अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
जनपद कार्यालय में पदस्थ बाबू राकेश सोनी को ढाई वर्ष पूर्व 45 दिन के लिए सस्पेंड किया गया था और उसके वेतन वृद्धि भी रोक दी गई थी। जिसका साढ़े तीन लाख रुपए बकाया है। सोनी ने बताया कि वह इस राशि को लेने के लिए लंबे समय से प्रयासरत है और डेढ़ साल से सीईओ गोस्वामी उसे जांच की बात कहकर परेशान कर रहे हैं। कई बार उन्होंने उससे उक्त राशि निकलवाने को लेकर 50 हजार रुपए की भी मांग की है और इसी कारण वह काफी परेशान हैं। ऐसी स्थिति में उसने आज सीईओ के खिलाफ कार्यालय के बाहर टेंट लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।



