,

परमहंस आश्रम बिनेगा में 2 दिसंबर को विशाल भंडारा, संत-महात्माओं का होगा समागम; सुबह 8 बजे समाधि पूजन और आरती से होगी शुरुआत / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल परमहंस आश्रम बिनेगा में ब्रह्मलीन परमहंस स्वामी श्री बज्रानंद जी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर 2 दिसंबर बुधवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन संत श्री पथरानंद जी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा। इसमें शिवपुरी जिले सहित अन्य जिलों और दूसरे प्रदेशों से भी संत-महात्माओं के पहुंचने की संभावना है।

आयोजन की शुरुआत सुबह 8 बजे ब्रह्मलीन परमहंस स्वामी श्री बज्रानंद जी महाराज की समाधि पर भजन, पूजन और आरती के साथ होगी। इसके बाद भंडारा प्रारंभ होगा, जो शाम 4 बजे तक निरंतर चलेगा। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर में भजन, पूजन और सत्संग का सिलसिला भी जारी रहेगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संत-महात्माओं के दर्शन और सत्संग का लाभ मिलेगा।

आश्रम की ओर से बताया गया कि अब प्रतिवर्ष 2 दिसंबर को परमहंस स्वामी श्री बज्रानंद जी महाराज की जन्मजयंती के अवसर पर वार्षिक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। सभी भक्तों, धर्मप्रेमी बंधुओं और आमजन को अपने इष्ट-मित्रों सहित भंडारे में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है। श्रद्धालु सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक प्रसादी ग्रहण कर सकेंगे।