
शिवपुरी। शिक्षा विभाग में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा पिछले काफी समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण की मांग की जा रही है, लेकिन विभाग द्वारा लगातार अनदेखी किए जाने से उनमेंं निराशा बनी हुई है। इन्हीं प्रकरणों के निराकरण को लेकर एक बार फिर मप्र लघु वेतन कर्मचारी संघ शिवपुरी द्वारा प्रांतीय सचिव अरविंद कुमार जैन के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी परमजीत सिंह गिल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिन प्रमुख समस्याओं का उल्लेख किया है उनमें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को अनेक वर्षों से वर्दी प्रदाय नहीं की गई है, समयमान वेतन क्रमश: 10, 20,30 वर्ष का लाभ नहीं मिला है, डीफीएफ वार्षिक लेखापर्ची एवं वेतन पर्ची नहीं दी गई है, शासकीय सेवकों की सेवक पुस्तिका में सभी आवश्यक प्रविष्टियां एवं गोपनीय प्रतिवेदन समय पर पूर्ण किए जाएं, छोटे कर्मचारियों को दो-दो, तीन-तीन माह तक वेतन नहीं मिलता जिसके चलते उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदोन्नति वाले 25 प्रतिशत पदों को अनुकंपा नियुक्ति लिपिक से न भरा जाए और रिक्त पदों की जानकारी संगठन को दी जाए। अन्य मांगों में वाहन परिवहन भत्ता तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी निशक्त कर्मचारियों को शासन निर्देशानुसार 350 रुपए का भुगतान हेतु सभी संकुल प्राचार्यों को निर्देशित किया जाए। संगठन द्वारा उक्त सभी समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्यवाही करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में अरविंद कुमार जैन प्रांतीय सचिव के अलावा जिलाध्यक्ष धीरजसिंह राजपूत, अंकित नरवरिया, जसपाल भारती, शैलेन्द्र जादौन, महेश बैरागी, गोविंद सिंह आदि शामिल रहे।






Be First to Comment