
शिवपुरी। शहर में व्याप्त पेयजल संकट से अब हाहाकार मचने लगा है। कल नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह की उनके वार्ड के हरिजन वस्ती की महिलाओं और पुरूषों ने उनके निवास स्थान पर घेराव कर जमकर छीछालेदर की, उन्हें जमकर खरीखोटी सुनाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अध्यक्ष के साथ हाथापाई भी की गई। हालांकि अध्यक्ष कुशवाह इससे इंकार करते है। यहीं नहीं अध्यक्ष कुशवाह और वार्ड की पार्षद ज्योति धाकड़ के पति भोलू धाकड़ को पकड़कर पूरे वार्ड में घुमाया तथा पानी की विकट स्थिति से अवगत कराया। हरिजन वस्ती की जनता ने उन्हें लगभग 4 घंटे तक अपने साथ रखा और उनसे पूछा कि ऐसी स्थिति में हम कैसे रहें। वार्ड में न तो लाइन में पानी आता है और न ही टेंकर आते है। भले ही कागजों में जरूर चल रहे हो। अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह को 4 घंटे बाद तब राहत मिली जब मुख्य नगर पालिका अधिकारी गोविंद भार्गव और सहायक यंत्री आरडी शर्मा वहां पहुंचे और फिर वार्डवासियों को आश्वासन की घुटी पिलाई गई कि तीन दिन के भीतर वार्ड में पाइप लाइन डाल दी जाएगी। नपाध्यक्ष ने उक्त लोगों को टेंकर भिजवाकर पानी सप्लाई कराया और जिला पंचायत कार्यायल के सामने महादेव मंदिर के पास स्थित ट्यूबवेल पर लगे ताले को भी खुलावाया। तब जाकर लोगों का आक्रोश शांत हुआ।
सुबह लगभग 7-7:30 बजे वार्ड क्रमांक 7 में स्थित हरिजन वस्ती के लगभग एक सेकड़ा लोग नारेबाजी करते हुए नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह के निवास स्थान गौतम नगर में पहुंचे। जहां उन्होंने पानी की मांग करते हुए अध्यक्ष हायहाय के नारे जमकर लगाए और पानी की मांग की। गुस्साएं वार्डवासियों ने अध्यक्ष से कहा कि वह उनके साथ चले और देखे कि वह किस नारकीय स्थिति में जी रहे हैं। उनके घर में पीने को पानी नहीं है। यहां तक कि वह अपनी दैनिक अवश्यकताओं की पूर्ति भी नहीं कर पा रहे। अध्यक्ष ने जब उनके साथ जाने में हिचकिचाहट दिखाई और कहा कि पहले सीएमओ और सहायक यंत्री शर्मा को आ जाने दो तो वार्डवासियों ने क्रोधित स्वर में उनसे कहा कि वह आते रहेंगे और हाथ पकड़कर उन्हें जबरन ले जाने लगे। इसी दौरान अध्यक्ष को धक्का भी मारा गया। जिसका परिणाम यह हुआ कि अध्यक्ष कुशवाह और पार्षद पति भोलू धाकड़ उनके साथ जाने को विवश हुए। वार्डवासियों का कहना था कि पार्षद जब से निर्वाचित हुई है तब से लेकर आज तक वह वार्ड के भ्रमण तक को नहीं आईं। पिछले लम्बे समय से जलसंकट से जूझ रही जनता को उन्होंने आज तक टेंकर नहीं पहुंचाया है। वार्डवासियों ने लगभग पूरे वार्ड में अध्यक्ष और पार्षद पति को घुमाया तथा उनसे कहा कि देखो पाइप लाइन में कहां पानी आ रहा है। सीवेज की खुदाई के कारण पूरी पाइप लाइन डेमेज हो गई है और नगर पालिका ने कभी यह देखने की फिक्र नहीं कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन से कैसे पानी आएगा। यहां तक कि वार्ड में टेंकर भी नहीं आ रहे और बड़ी दूर-दूर से पानी लाकर किसी तरह वह अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहें हैं। कई बार उन्होंने पार्षद से पानी की मांग की और कई बार उन्होंने नपाध्यक्ष कुशवाह से भी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई जिसके कारण वह सड़क पर उतरने को विवश हो गए। अंतत: नपाध्यक्ष ने लोगों को समझाया और आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी कॉलोनी में टेंकर पहुंच जाएगा। इसके बाद वार्डवासियों ने एक ओर शिकायत नपाध्यक्ष के समक्ष रखी जिसमें बताया गया कि पार्षद ने भोले बाबा मंदिर के पास लगे ट्यूूबवैल पर ताला लगा दिया है। जिससे लोग पानी नहीं भर पा रहे हैं। वार्डवासियों की इस शिकायत पर नपाध्यक्ष ने तुरंत ही ताला खुलवाने के लिए पार्षद से कहा और बाद में ट्यूबवैल में लगे ताले को खोल दिया गया और टेंकर भी कॉलानी पहुंचाए गए।
चौपड़ा से पाइप लाइन डालने की भी थी मांग
वार्ड क्रमांक 7 के लोगों की मांग थी कि चौपड़ा से उनकी कॉलोनी तक पानी की पाइप लाइन डाली जाए। जिससे पानी उनके घरों तक पहुंच सके। साथ ही सिंध की लाइन को भी जोडऩे की भी बात वार्डवासियों ने नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह से कहीं। जिस पर श्री कुशवाह ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही चौपड़ा से पाइप लाइन डाल दी जाएगी और सिंध की लाइन को भी उनके घरों तक पहुंचा दिया जाएगा।
हरिजन वस्ती के नाले की भी नहीं हुई सफाई
नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह को हरिजन वस्ती के नागरिकों ने बताया कि पिछले साल पूरे शहर के नालों की सफाई हो गई लेकिन उनके यहां के नाले की आज तक सफाई नहीं हुई जिससे पूरे इलाके में गंदगी और बदबू का वातावरण है तथा लेाग बीमार हो रहे हैं। परंतु प्रशासन व नगर पालिका का कोई ध्यान नहीं है। नाले में बेशुमार कीचड़ और गंदगी जमी हुई थी। जिससे जबरदस्त बदबू पूरे इलाके में फैली हुई थी।






Be First to Comment