तहसील से घर जा रहे बाइक सवारों को ट्रक ने कुचला, दोनों की दर्दनाक मौत

शिवपुरी। बदरवास में नई तहसील के सामने आज सुबह तहसील से काम निपटाककर अपने घर जा रहे दो युवकों को अज्ञात ट्रक ने बाइक सहित कुचल दिया। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भादवि की धारा 304 ए के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

सीताराम पुत्र अमरलाल राठौर उम्र 54 वर्ष और मनोज पुत्र मुन्ना नामदेव उम्र 30 वर्ष निवासीगण इंदार सुबह अपनी बाइक से बदरवास तहसील आए थे जहां उक्त दोनों अपना काम निपटाकर बाइक से अपने घर से वापस जाने के लिए निकले और सुबह करीब 11 बजे तहसील कार्यालय से सड़क को अपनी बाइक से पार कर रहे थे उसी दौरान कोई अज्ञात ट्रक उक्त दोनों युवकों को कुचलकर चला गया। जिससे दोनों के सिर दब गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस मामले में पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश में जुट गई है।