
शिवपुरी- नवागत कलेक्टर श्रीमती शिल्पा गुप्ता ने आज पदभार ग्रहण करने के तत्काल बाद समय-सीमा के पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं में शासन की मंशा के अनुरूप पूरी निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ पात्र एवं जरूरतमंदों को योजनाओं का पूर्ण लाभ दिलाए। जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आज आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश जैन, अपर कलेक्टर अनुज रोहतगी सहित जिला अधिकारी सहित सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारी आदि उपस्थित थे।
श्रीमती शिल्पा गुप्ता ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि जिले में अधिकारियों की एक अच्छी टीम है, हम सभी को मिलकर टीम भावना के साथ क्रियाशील होकर शासन की मंशा के अनुरूप जिले के पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को योजना का लाभ दिलाना है।
25 मई तक सत्यापन की कार्यवाही करें
श्रीमती गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की विभिन्न योजनाओं का असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत श्रमिकों को लाभ दिलाए जाने हेतु 25 मई तक सत्यापन भी करा लिया जाए। सूखा राहत राशि का वितरण भी 25 मई तक शेष बचे पात्र किसान को प्रदाय किया जाए। इस संबंध में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी इस प्रकार का प्रमाण-पत्र दें कि उनके क्षेत्र में पात्र सभी किसानों को सूखा राहत की राशि का वितरण किया जा चुका है। सूखा राहत क्षेत्रों में रोजगार मूलक कार्यों की कार्य योजना बनाने के भी निर्देश दिए। जिससे क्षेत्र में तत्काल राहत के कार्य शुरू किए जा सके।
1 लाख 23 हजार मेट्रिक टन गेहूं का हुआ उपार्जन
नवागत कलेक्टर श्रीमती गुप्ता ने शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना, मसूर एवं सरसों के उपार्जन एवं परिवहन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को बारदाने एवं भुगतान में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में बताया गया कि शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर इस वर्ष 1 लाख 23 हजार मेट्रिक टन गेहूं, 32 हजार मेट्रिक टन चना, 2 हजार 192 मेट्रिक टन सरसों और 2 हजार 800 मेट्रिक टन मसूर का उपार्जन किया जा चुका है। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए जा रहे शौचालयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शौचालय ग्राम पंचायतों की अपेक्षा हितग्राही को बनाए जाने हेतु प्रेरित किया जाए।






Be First to Comment