शिवपुरी। सिंध जलावर्धन योजना की क्रियान्वयन एजेंसी दोशियान ने अल्टीमेटम दिया था कि यदि 30 मई तक नगरपालिका द्वारा उनका लंबित भुगतान नहीं किया जाता तो जल सप्लाई रोक दी जाएगी। इस अल्टीमेटम के बाद नपा प्रशासन हरकत में आया और मुख्य नगरपालिका अधिकारी गोविंद भार्गव, सहायक यंत्री आरडी शर्मा आदि बायपास स्थित हाईडेंट पर पहुंचे जहां उन्होंंने दोशियान के प्रबंधक महेश मिश्रा को आश्वासन दिया कि वह आज शाम तक उनका भुगतान कर देंगे तब तक जल की सप्लाई न रोकी जाए। इस आश्वासन पर दोशियान ने जल सप्लाई रोकने की म्याद आज शाम तक बढ़ा दी और श्री मिश्रा ने कहा कि शाम तक भुगतान न होने पर जल सप्लाई रोक दी जाएगी।

नगरपालिका और सिंध जलावर्धन की क्रियान्वयन एजेंसी दोशियान के बीच विश्वास के रिश्तों में दरार आ गई है। दोनों एक दूसरे पर भरोसा करने को तैयार नहीं है। पानी आने में जितना विलंब हुआ है और लगातार लीकेज आ रहे हैं इससे कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भी दोशियान से खफा हैं। दोशियान की क्षमताओं पर अविश्वास के कारण नगरपालिका ने सतनबाड़ा से शिवपुरी तक पाइप लाइन के टेंडर भी लगा दिए हैं। इस कारण खाई और गहरी हुई है। दोशियान के अधिकारी महेश मिश्रा के अनुसार नगरपालिका द्वारा उन्हें जनवरी माह से कोई भुगतान नहीं किया गया। उन्हें नगरपालिका से 4 करोड़ रूपए लेने है जबकि ढाई करोड के बिल लग चुके है इसके बाद भी उन्हें भुगतान नहीं दिया जा रहा। जबकि वह पाइप लाइन डालने और टंकियों को जोडऩे का कार्य लगातार कर रहे हैं। दोशियान ने कल अल्टीमेटम दिया था कि 30 मई तक भुगतान न होने पर वह 31 मई की सुबह से पेयजल सप्लाई रोक देंगे। इसके बाद हरकत में आए नपा प्रशासन ने पेमेंट भुगतान का आश्वासन देकर किसी तरह दोशियान को मना लिया है। देखना यह है कि आज शाम तक दोशियान का भुुगतान होता है अथवा नहीं।






Be First to Comment