
कार्यशाला में दिए अधिकारियों को निर्देश
शिवपुरी। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीयन किए जाने हेतु आज जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती कमला-बैजनाथ की अध्यक्षता में एक दिवसीय कार्यशाला जिला पंचायत शिवपुरी (पोहरी रोड़) में आयोजित की गई। आयोजित कार्यशाला में कलेक्टर तरूण राठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश कुमार जैन, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ.व्ही.डी.गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर तरूण राठी ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीयन हेतु मुख्यमंत्री असंगठित कल्याण योजना की जानकारी देते हुए कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के विभिन्न माध्यमों से पंजीयन हेतु श्रमिकों को प्रेरित किया जाए और पंजीयन उपरांत मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायतों में कैम्पो के माध्यम से भी श्रमिकों का पंजीयन कराया जाए। इस कार्य में स्वसहायता समूहों के सदस्यों, जनअभियान परिषद की समितियों का भी सहयोग लिया जाए। श्री राठी ने कहा कि मण्डी में हम्मालों, तुलावटी, बस के चालक, परिचालकों का भी पंजीयन कर सहकर्मकार मण्डल की योजनाओं का लाभ दिलाए। श्री राठी ने पंजीयन की गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर असंगठित क्षेत्रों के श्रमिकों की पहचान कर उनका पंजीयन कराया जाए। जिससे वे भी शासन की योजनाओं का लाभ ले सके। जनपद पंचायते एवं नगरीय निकाय भी अपने स्तरों पर शिविर आयोजित कर पंजीयन करें।
उल्लेखनीय है कि असंगठित श्रमिकों के पंजीयन हेतु श्रमिक की आयु 18 से 60 वर्ष हो, पंजीयन 36 श्रेणी के श्रमिकों का किया जाएगा। पंजीयन आवेदन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों तरीके से किया जाएगा। ऐसे श्रमिक जो आयकरदाता है या एक हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि है, सरकार या निजी नौकरी या ऐसे नियोजन में कार्यरत है, जिसमें सामाजिक सुरक्षा हित लाभ तथा भविष्य निधि आदि प्राप्त हो रही है, ऐसे बीड़ी श्रमिक जिनकी भविष्य निधि राशि काटी जाती है, उनका पंजीयन नहीं किया जाएगा।






Be First to Comment