कोचिंग में पहुँचे एसपी, नारियों का सम्मान करने की युवाओं को दिलायी शपथ

शिवपुरी। पुलिस प्रशासन ने महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए एक अभिनव पहल शुरू की है इसके तहत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों पर पहुँचकर छात्राओं को जागरुक रहे हैं, साथ ही छात्रों को भी महिलाओं एवं छात्राओं का सम्मान करने का संकल्प दिला रहे हैं। इसी क्रम में आज शाम के समय पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पांडे अपने अधीनस्थों के साथ राजेश्वरी रोड पर शंकर कोचिंग पर पहुंचे, जहां उन्होंने युवाओं ईश्वर को साक्षी मानकर नारियों का सम्मान करने शपथ दिलवाई जिसमें कहा कि सृष्टि में अहम भूमिका निभाने वाली समस्त नारियों  का सदैव सम्मान करूंगा और मैं दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करूंगा, उनके साथ न तो कोई अपराध करूंगा और न ही किसी को करने दूँगा। मैं उन सभी प्रथाओं का परित्याग करूंगा जो महिलाओं के सम्मान के विरूद्ध हैं। मैं स्वयं के साथ-साथ दूसरों में भी ऐसी भावना विकसित करने का प्रयास करूंगा, जिससे महिलाओं में सुरक्षा का भाव पैदा हो। श्री पांडे ने बताया कि मजनू अभियान के तहत जिले में अनेक स्थानों पर कई लोगों पर कार्यवाही की गई है, लेकिन यह एक समाज का विषय है। इसमें सभी को जोड़कर ऐसी भावना उत्पन्न करना समाज में संदेश जाए कि जीवन में महिलाओं का महत्वपूर्ण स्थान है। उनका सम्मान किया जाना सभी का दायित्व है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक के साथ अति. पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

आम लोगों को भी सुधरने की आवश्यकता: छात्रा

कोचिंग में एक छात्रा द्वारा अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आमजन को भी अपने कर्तव्यों का बोध होना चाहिए जब तक हमें अपने कर्तव्यों का बोध नहीं होगा तब तक व्यवस्था ठीक नहीं हो सकती। छात्रा ने कहा कि हम विदेशों में देखते हैं कि वहां कितनी अच्छी व्यवस्था और उसकी तारीफ करते हैं, लेकिन यह नहीं देखते कि वहां के नागरिक अपनी जिम्मेदारी किस तरीके से निभा रहे हैं यदि उनकी तरह हम भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं तो हमारे देश की व्यवस्थाएं भी सुधर जाएंगी।
इनका कहना है
आज एसपी साहब हमारे यहां आए और उन्होंने हमें वूमेन्स के ऊपर जागरुक किया। पिछले कुछ दिनों से मजनू अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि वूमेन्स के साथ कुछ न कुछ गलत हो रहा है वह पुरुष कर रहे हैं। यदि सभी अपनी मानसिकता को सुधार लें तो महिलाओं को कोई परेशानी आएगी ही नहीं।
अभिलाषा वर्मा, सहायक शिक्षक

-बच्चियों को जागरुक करने और उनकी सुरक्षा को लेकर यह कार्यक्रम किया जा रहा है। जिन स्थानों पर कोचिंग एवं स्कूल संस्थान संचालित हो रहे हैं वहां हम लोग जा रहे हैं। उनसे चर्चा कर रहे हैं और उनका फीडबैक ले रहे हैं। इसके अनुसार इनकी सिक्योरिटी के लिए किया जा सकता है वह कर रहे हैं। हमारे पास जो फीडबैक आ रहा है वह बहुत ही उत्साहजनक है। इस अभियान की आम आदमी बहुत तारीफ कर रहे हैं। मुहिम से लोगों को जोडऩे के लिए यह शपथ दिलाई जा रही है। नारियों का सम्मान, बच्चियों का सम्मान बढ़ाने के लिए हम कर रहे हैं जिसमें ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें भागीदारी निभाएं इसका प्रयास किया जा रहा है। 
सुनील कुमार पांडे
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी