
शिवपुरी। पोहरी विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते जलसंकट और मूलभूत सुविधाओं को लेकर पोहरी के रहने वाले एड. संजीव शर्मा ने क्षेत्रीय सांसद नरेंद्र सिंह तोमर और विधायक प्रहलाद भारती को एक मार्मिक पत्र लिखकर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया है। अपने 10 बिंदु वाले पत्र में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं का उल्लेख किया है और उन्होंने जनप्रतिनिधियों को यह भी बताया है कि बढ़ती समस्याओं को लेकर क्षेत्र की जनता वहां से पलायन करने को मजबूर हो रही है।
श्री शर्मा ने बिजली, पेयजल समस्या, बस स्टैण्ड न होना और शासन द्वारा की गई पोहरी को नगर पंचायत बनाने की घोषणा सहित कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र पर महिला चिकित्सक की तैनाती, महाविद्यालय में प्राध्यापकों की नियुक्ति और हरिजन आदिवासियों के लिए शासन द्वारा शुरू की गई योजनाओं का लाभ न मिलने जैसी समस्या का उल्लेख उक्त पत्र में किया है। उन्होंने कृष्णगंज पंचायत का उदाहरण देते हुए बताया कि उक्त पंचायत में दलित समाज की महिला सरपंच है जिसने स्थानीय प्रशासन के आदेश पर पेयजल परिवहन किया, लेकिन उनका भुगतान आज तक नहीं किया गया है जिस कारण पीडि़त सरपंच को टैंकरों के भुगतानों के लिए पैतृक गहने बेचने पड़ रहे है जो बहुत ही अशोभनीय और निंदनीय बात है। श्री शर्मा ने उक्त दोनों जनप्रतिनिधियों से पत्र के माध्यम से मांग की है कि देश और प्रदेश में उनकी ही सरकार है। इसके बावजूद भी क्षेत्र की उपेक्षा हो रही है जिस पर वह ध्यान दें और लोगों की समस्याओं को दूर करें। जिससे क्षेत्रवासियों का पलायन रूक सके।




