Press "Enter" to skip to content

मरीज के नाम के आगे श्रीमती के स्थान पर लिख दिया श्री, डॉक्टर ने कर दी पिटाई,


भोपाल। शाहजहांनाबाद स्थित एलबीएस अस्पताल में मामूली गलती करने से खफा डॉक्टरों ने रिसेप्शन पर बैठने वाले युवक की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान उस पर कुर्सी से भी हमला किया गया। पुलिस ने तीन डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।शाहजहांबाद पुलिस के मुताबिक सलमान नामक युवक एलबीएस अस्पताल में रिसेप्शन पर ड्यूटी करता है। सोमवार रात एक घायल महिला इलाज कराने पहुंची थी। एमएलसी (मेडिको लीगल केस) के परचे में सलमान ने गलती से महिला के नाम के पहले श्रीमती लिखने के बजाए श्री लिख दिया था। मंगलवार सुबह जब सलमान ड्यूटी पर पहुंचा, तो अस्पताल के डॉ. अतुल ने सलमान को डांटना शुरू कर दिया। साथ ही कहा कि ये तुम्हारी तीसरी गलती है। इसकी वो शिकायत करेंगे।इस पर सलमान ने गलती स्वीकार करते हुए आगे से ध्यान रखने की बात कही। हालांकि इसी दौरान सलमान ने ये भी कह दिया कि डॉक्टर चाहे तो उसकी शिकायत कर सकते हैं। सलमान के इस जवाब से डॉ. अतुल ने उससे गाली-गलौज शुरु कर दी। मामला इतना बढ़ा कि डॉक्टर ने सलमान से मारपीट शुरू कर दी। उनके साथ ही डॉ. राम देशमुख और डॉ. रघुवीर भी सलमान की पीटने लगे। इस दौरान डॉ. अतुल ने कुर्सी उठाकर सलमान को मारी। इससे सलमान के पैर में चोट लगी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया है।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!