यूपी: बसपा नेता की गोली मारकर हत्या, गुस्साई भीड़ ने की आगजनी

उत्तर प्रदेश में मेरठ के थाना देहली गेट क्षेत्र के खैरनगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुरानी रंजिश के चलते सरेआम बसपा नेता नासिर खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इतना ही नहीं वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आराम से फरार हो गए.
नासिर को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर में आग लगा दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.मृतक बसपा नेता नासिर का कुछ दिन पहले क्षेत्र के ही रहने वाले रहमान नाम के युवक से विवाद हो गया था. उसी विवाद के चलते रहमान ने नासिर को उसके घर से कुछ कदम की दूरी पर ही गोली मार दी. नासिर की गर्दन पर सटा कर गोली मारी गई थी.
स्थानीय लोगों ने नासिर को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
हत्या से गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर हमला बोल दिया और घर को आग के हवाले कर दिया. उसके बाद शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की.
पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है. मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी ने मृतक को कुछ दिन पहले ही जान से मारने की धमकी दी थी.




