जिला चिकित्सालय की कड़वी हकीकत

शिवपुरी। सावधान! यदि आपका बच्चा जिला चिकित्सालय के चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती है तो आपको चौकन्ना रहने की जरूरत है क्योंकि यहां पिछले कुछ दिनों से आवारा कुत्ते रोजाना वार्ड में घूमते देखे जा सकते हैं। यह कुत्ते कभी भी किसी भी बच्चे को अपना शिकार बना सकते हैं। खासबात यह है कि अस्पताल प्रबंधन और अस्पताल के कर्मचारी सबकुछ देखकर भी अनजान बने हुए हैं। हम आपको बता दें कि यह जिला चिकित्सालय वही चिकित्सालय है जिसे स्वच्छता के लिए प्रदेश में नंबर 1 के खिताब से नवाजा जा चुका है। इस बारे में जब जिला चिकित्सालय के आरएमओ डॉ. एसएस गुर्जर से पूछा गया तो उनका कहना था कि ऐसा हो ही नहीं सकता कि जिला चिकित्सालय के चिल्ड्रन वार्ड में कुत्ता घूम रहा हो, लेकिन तस्वीर देखने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने अपना रुख बदलते हुए सारी बात अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य पर डाल दी और यह कहते नजर आए कि निर्माण कार्य के चलते गेट खुला रह गया होगा। जो भी पर अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में इस तरह कुत्तों का घूमना आने वाले खतरे के संकेत देता दिखाई दे रहा है।




