देशभक्ति गीत और रंगारंग आतिशबाजी ने मन मोहा


शिवपुरी-संस्कृति की धरोहर को संजोए रखने के लिए भारत विकास परिषद शाखा शिवपुरी की अलग पहचान है और इसी पहचान के चलते संस्कृति संरक्षण में अमूल्य योगदान निभाते हुए गत दिवस नव संवत्सर मिलन समारोह बड़े भव्य रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत भारत विकास परिषद शाखा शिवपुरी के अध्यक्ष गोपालदास अग्रवालए सचिव रीतेश जैन रोमी, कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक हेमंत ओझा सहित संस्था के अन्य पदाधिकारियों ने अलसुबह 7 बजे माधवचौक चौराहे पर पहुंचकर वहां से गुजरने वाले प्रत्येक नागरिक को रोककर तिलक लगाया और नव संवत्सर व नवरात्रा के पावन पर्व की शुभकामनाऐं दी। इसके पश्चात रात्रि के समय स्थानीय एचडीएफसी बैंक के सामने भव्य भजन संध्या कार्यक्रम हुआ जिसमें
मुख्य अतिथि आरएसएस के विभाग प्रचारक बृजकान्त दीक्षित एवं विपिन शर्मा रहे जिन्होंने सर्वप्रथम मॉं सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलन कर भजन संध्या का शुभारंभ किया। इस दौरान अपने संबोधन में विभाग प्रचारक बृजकान्त दीक्षित ने नव संवत्सन क्यों और कैसे मनाया जाता है इस पर बड़ी सरलता से प्रकाश डाला। भजन संध्या में गुना से आए अंकित जैन, महिला गायक कलाकार टिनी शुक्ला व स्थानीय शिवपुरी के कलाकार अंकित सक्सैना द्वारा सुमधुर देशभक्ति गीतों की रोचक प्रस्तुतियां दी। इसके साथ ही रात्रि को ही रंगारंगा आतिशबाजी के साथ नव संवत्सर का भव्य स्वागत किया गया। भारत विकास परिषद का यह कार्यक्रम जनआकर्षण का केन्द्र रहा और सुबह से लेकर रात्रि तक मनाए गए नव संवत्सर मिलन समारोह में शाखा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मिलकर सहयोग प्रदान किया। अंत में एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन नव संवत्सर मिलन कार्यक्रम संयोजक हेमंत ओझा के द्वारा किया गया जबकि सचिव रीतेश जैन रोमी द्वारा उपस्थितजनों एवं नव संवत्सर मिलन समारोह कार्यक्रम को सफल बनाए जाने पर शाखा के समस्त सदस्यों का आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम में परिषद के सभ वरिष्ठ एवं प्रांतीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे जिनमें साकेत गुप्ता, डॉ.राजेन्द्र गुप्ता, वीरेन्द्र शर्मा, अभय कोचेटा, संजीव जैन, श्रीमती अनीता सिंह, श्रीमती सरला वर्मा, श्रीमती लता शर्मा आदि शामिल रही।






Be First to Comment