Press "Enter" to skip to content

डॉ.बाबासाहब अम्बेडकर द्वारा निर्मित संविधान आज भी प्रसांगिक है: केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर

डॉ.अम्बेडकर जयंती महू में दलित कुंभ के रूप में मनाई 

शिवपुरी-केन्द्रीय ग्रामीण विकास, पंचायती राज और पेयजल, स्वच्छता एवं खनन मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ.बाबासाहब भीमराव अम्बेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया जो देश को आजादी के 76 साल बाद भी प्रसांगिक है और देश में आगे भी रहेगा। उन्होंने संविधान के तहत सभी लोगों को अधिकार दिए। 
केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर कल जिला मुख्यालय शिवपुरी के गांधी पार्क में डॉ.अम्बेडकर जयंती पर सामाजिक न्याय दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पोहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री प्रहलाद भारती ने की। श्री तोमर ने इस अवसर पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभांवित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता डॉ.बाबा साहब अम्बेडकर एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यापर्ण कर किया। कार्यक्रम में मछुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजू बाथम, कलेक्टर तरूण राठी, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाण्डे, पूर्व विधायक देवेन्द्र जैन, वीरेन्द्र रघुवंशी, रमेश खटीक, ओमप्रकाश खटीक सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण आदि उपस्थित थे। 
केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में राजनैतिक, सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्रों में अनेकों महापुरूष हुए। जिनका योगदान देश के विकास में हमेशा रहा। लेकिन डॉ.बाबा साहब अम्बेडकर एक ऐसे व्यक्ति थे। जिन्होंने देश के निर्माण में योगदान देने के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों को बराबरी का हक एवं शिक्षा दिलाने तथा भ्रष्टाचार, छूआछूत जैसी कुप्रथाओं को मिटाने का काम किया। 
श्री तोमर ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश आजाद होने के बाद संविधान निर्माण हेतु संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में सर्व समिति से उनकी योग्यता के आधार पर उन्हें समिति का अध्यक्ष चुनकर दायित्व सौपा गया। इसलिए नरेन्द्र मोदी की सरकार ने पहली बार 26 नवम्बर 2016 को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। 
उन्होंने कहा कि डॉ.अम्बेडकर मध्यप्रदेश के महु जिले में एक साधारण सैनिक के परिवार में जन्म लिया था, उनकी शिक्षा विपरीत परिस्थिति में हुई। लेकिन वे कभी निराश एवं हताश नहीं हुए। उनकी समग्र सोच के कारण देश के सबा करोड़ लोग आज भी उन्हें पूरे सम्मान एवं आदर के साथ स्मरण करते है। डॉ. अम्बेडकर हमेशा चाहते थे, कि देश आगे बढ़े, सभी लोग शिक्षित हो, समानता एवं स्वतंत्रता का अधिकार मिले और लोगों में सामाजिक समरसता एवं ममता की भावना बढ़े। 
श्री तोमर ने कहा कि केन्द्र एवं मध्यप्रदेश सरकार बाबा साहब से जुड़ी स्मृतियों को विकसित करने का भी कार्य कर रही है। महू में बाबा साहब को लोग श्रद्धासुमन अर्पित कर सके इसके लिए राज्य सरकार 14 अप्रैल को महू में दलित कुंभ के रूप में मना रही है, बाबा साहब के स्मारक को एक तीर्थ स्थल के रूप में भी विकसित किया गया है। आज देश के राष्ट्रपति महू में बाबा साहब अम्बेडकर को जहां श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे, वहीं देश के प्रधानमंत्री बीजापुर में ग्राम स्वराज अभियान का भी शुभारंभ किया है।
उन्होंने कहा कि नागपुर की दीक्षा भूमि एवं मुम्बई की चेतन भूमि को भी विकसित किया जा रहा है। लंदन में जिस भवन में रहकर उन्होंने वकालात की शिक्षा ग्रहण की थी, उस भवन को केन्द्र सरकार खरीद कर रिसर्च केन्द्र के रूप में विकसित कर रही है। जिससे आने वाली पीढ़ी बाबा साहब के बारे में जान सके। 

14 अप्रैल से 05 मई तक ग्राम स्वराज अभियान 

श्री तोमर ने कहा कि ग्राम स्वराज अभियान 14 अप्रैल से 5 मई 2018 तक संचालित होगा। इसके तहत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएगे। उन्होंने बताया कि दुनिया की सबसे बड़ी मेडीक्लेम इश्योरेंस पोलिसी भी शुरू की गई है। जिसे 10 करोड़ परिवारों के 50 करोड़ सदस्यों को 5 लाख का बीमा का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को स्वच्छता के कार्यक्रम आयोजित होगें। देश में 02 लाख 48 हजार ग्राम पंचायतों को ओडीएफ किया जाएगा। 20 अप्रैल को उज्ज्वला दिवस के रूप में महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए जाएगें और ग्राम सभाओं का भी आयोजन किय जाएगा। 24 अप्रैल को पंचायती राज्य दिवस का आयोजन होगा। जिसका शुभारंभ प्रदेश के मण्डला जिले में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देशभर के सरपंचों को संबोधित करेंगे। 28 अप्रैल को ग्राम शक्ति अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास एवं सौभाग्य योजना के तहत विद्युत कनेक्शन दिए जाएगें। 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस का आयोजन होगा। जिसमें ग्राम सभाओं के माध्यम से हितग्राहियों के नामों का वाचन किया जाएगा। दो मई को किसान कल्याण कार्यक्रम के तहत देश के सभी किसानों को कृषि विज्ञान केन्द्र के माध्यम से 2022 तक कृषि का उत्पादन दो गुना बढ़ाने की जानकारी दी जाएगी। पांच मई को आजीविका कौशल दिवस के रूप में देश के 4 हजार विकासखण्ड के रूप में स्टेट डवलपमेंट एवं आजीविका मिशन के स्वसहायता समूहों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएगें। उन्होंने इन कार्यक्रमों में सभी वर्गों को भाग लेने का आग्रह किया। 
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक प्रहलाद भारती ने डॉ.बाबासाहब भीमराव अम्बेडकर के व्यतित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे महान व्यक्ति थे, उन्होंने एक इतिहास रचा। डॉ.अम्बेडकर हमेशा दूसरों के लिए जीए। आज आवश्यकता है कि हमें उनके बताए हुए पद चिन्हों पर चलकर समाज में आपसी भाईचारा, सदभाव एवं समरसता का भाव पैदा करें। वे संविधान के रचयिता थे। कार्यक्रम के शुरू में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश जैन ने सामाजिक न्याय दिवस के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती हेमलता चौधरी ने किया। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!