रामेश्वरम जाने वाली ट्रेन को कैबिनेट मंंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

शिवपुरी। आज मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत रामेश्वरम जाने वाली विशेष ट्रेन को कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसे पूर्व उन्होंने तीर्थयात्रियों से सौजन्य भेंट की और उनका आर्शीवाद लिया। रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान श्रवण कुमार बनकर प्रदेश के बुजुर्गों को तीर्थयात्रा कराकर पुण्य लाभ कमा रहे हैं। आज आप सब लोग रामेश्वरम दर्शनों के लिए जा रहे हैं। मेरा आप सभी लोगों से विनम्र आग्रह है कि वह अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर भगवान भोलेनाथ से मेरे लिए और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लिए प्रार्थना करें और प्रदेश में मुख्यमंत्री के हाथों को मजबूत करें। जिससे मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किया गया यह पुण्यायी का काम सुचारू रूप से चल सके। यशोधरा राजे ने वहां मौजूद तीर्थयात्रियों से कहा कि वह धर्मस्व मंत्री होने के बावजूद भी रामेश्वरम नहीं जा सकी, लेकिन आप लोग इतने सौभाग्यशाली हैं कि आपको रामेश्वरम जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने तीर्थयात्रियों से कहा कि पहले जो यात्री एक बार यात्रा कर लेता था वह दूसरी बार किसी अन्य तीर्थयात्रा नहीं कर पाता, लेकिन अब जो यात्री इस तीर्थयात्रा में जा रहे हैं वह आने वाले एक दो माह बाद किसी अन्य तीर्थस्थल पर जाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। मौके पर मौजूद तीर्थयात्रियों को मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने माला पहनाकर रवाना किया। इसके बाद ट्रेन में भगवान राम और भगवान शिव के चित्र पर पुष्प व दीप जलाकर यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाने की प्रार्थना की। बाद में ट्रेन के डिब्बों में पहुंचकर यात्रियों से मेल मिलाप किया। इसके पश्चात ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर ग्वालियर के लिए रवाना किया।
व्हीआईपी रोड़ का किया लोकार्पण
छिब्बर स्कूल से लेकर नवग्रह मंदिर एबी रोड़ तक बनाई गई व्हीआईपी रोड़ का कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने लोकार्पण किया। जहां मौजूद वार्डवासियों ने यशोधरा राजे सिंधिया का आभार मानते हुए उन्हें माला भेंट की। इस दौरान यशोधरा राजे सिंधिया ने विधि विधान से पूजन कर शिला पट्टिका पर लगा पर्दा हटाकर सड़क का लोकार्पण किया। इस दौरान कलेक्टर तरूण कुमार राठी, एसपी सुनील कुमार पांडे, पोहरी विधायक प्रहलाद भारती सहित बड़ी संख्या में भाजपाई कार्यकर्ता और वार्ड की जनता मौजूद रही।
प्रदेश भर में मनाया जाएगा राजमाता विजयाराजे सिंधिया का जन्मोत्सव समारोह
राजमाता विजयाराजे सिंधिया का जन्मोत्सव 11 और 12 अक्टूबर को प्रदेश के 51 जिलों में बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसके लिए समितियों का गठन शुरू कर दिया गया है। इस दौरान प्रदेश के 51 जिलों में अनेकों कार्यक्रम होंगे। उक्त जानकारी प्रदेश की कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने शिवपुरी प्रवास के दौरान सर्किट हाउस पर आयोजित पत्रकारवार्ता में दी। उन्होंने उक्त कार्यक्रम आयोजित करने के पीछे अपनी मंशा को पत्रकारों के सामने व्यक्त करते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को राजमाता केे विचारों और व्यक्तित्व से अवगत कराना है जिससे युवा उनके बारे में जाने और उनके आदर्शों पर चलने का प्रण लें। उन्होंने कहा कि शिवपुरी और ग्वालियर का प्रभार वह स्वयं संभालेंगी। जहां बायपास पर राजमाता विजयाराजे सिंधिया की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। जिसका निर्माण जल्द ही शुरू हो जाएगा। इस दौरान शिवपुरी में बाबा रामदेव और महामंडेलश्वर अवधेशानंद भी मौजूद रहेंगे। जिनके कर कमलों से राजमाता विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले कार्यक्रम अगले वर्ष 11 अक्टूबर तक चलेंगे जिसमें कई संगोष्ठियां और विकास के कार्य प्रदेश भर में किए जाएंगे।






Be First to Comment