महिला और दो बच्चों की मौत, एक बच्चा गंभीर हालत में ग्वालियर रैफर
शिवपुरी। बैराड़ कस्बे में निवासरत एक महिला सुनीता शिवहरे ने बीती शाम पति द्वारा दूसरा विवाह करने से परेशान होकर अपने तीन बच्चों के साथ जहर का सेवन कर लिया। जिससे सुनीता और उसका 7 वर्षीय पुत्र सौरभ व 11 वर्षीय पुत्री कृष्णा की मौत हो गई जबकि उसके 14 वर्षीय पुत्र मनीष का उपचार ग्वालियर में चल रहा है। जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर संज्ञान में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुनीता का पति रामअवतार शिवहरे मूलत: देवपुरा गांव का निवासी है जो बैराड़ में शाखा फील्ड के पास किराए का मकान लेकर रह रहा था। पिछले कुछ समय पूर्व वह अपनी पत्नि और बच्चे को छोड़कर ईशागढ़ में एक शराब की दुकान पर काम करने चला गया था। बताया जाता है कि इसी दौरान उसने किसी दूसरी महिला से विवाह कर लिया। जिसकी जानकारी सुनीता को लगी तो उसने पति को बहुत समझाने का प्रयास किया तो रामअवतार ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया। इस घटना से वह इतनी व्यथित हो गई कि उसने बीती शाम अपने तीन बच्चों को जहर खिलाकर खुद जहर का सेवन कर लिया। जिससे उन्हें उल्टियां होने लगी तो आसपास के लोगों ने कस्बे में रहने वाले सुनीता के पत्नि लक्ष्मण शिवहरे को सुनीता और उसके बच्चों के तबियत खराब होने की जानकारी दी। जिस पर लक्ष्मण सुनीता के घर आ गया जहां उसने 108 एंबुलेंस को बुला लिया और उन्हें अस्पताल लेकर आने लगे जहां रास्ते में सुनीता ने दम तोड़ दिया जबकि सौरभ, कृष्णा और मनीष की गंभीर हालत को देखते हुए बैराड़ से उन्हें शिवपुरी रैफर कर दिया। शिवपुरी आते समय कृष्णा शिवहरे ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद शिवपुरी अस्पताल से सौरभ और मनीष को ग्वालियर रैफर किया गया जहां रास्ते में सौरभ की भी मौत हो गई। वहीं जीवित बचे मनीष को डॉक्टरों ने अस्पताल में भर्ती कर उसका उपचार प्रारंभ कर दिया।
कड़वा लगने पर मनीष ने उगल दिया जहर इसलिए बच गई जान
मृतिका सुनीता ने अपने तीनों बच्चे सौरभ, कृष्णा और मनीष को जहर खिला दिया था। इस दौरान सौरभ और कृष्णा ने तो जहर निगल लिया, लेकिन मनीष के मुंह में कड़वाहट हुई तो उसने जहर थूक दिया था। इस कारण जहर का असर उसके शरीर में कम हुआ और शिवपुरी अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे उल्टियां करा दी और बाद में उसे ग्वालियर रैफर कर दिया।
इनका कहना है
यह तो अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि मृतिका के पति ने दूसरा विवाह किया था, लेकिन इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता था कि सुनीता पारिवारिक कलह के चलते काफी परेशान थी। अभी यह मामला अस्पताल चौकी में है जहां से डायरी मिलने के बाद ही कार्यवाही की जाएगी।
ओपी आर्य, थाना प्रभारी बैराड़




