शिवपुरी। पिछोर और सुरवाया थाना क्षेत्र में सिंध और बुधनी नदी में नहाते समय तीन आदिवासी बालिकाएं डूब गई जिनमें से दो बालिकाओं की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुरवाया थाना क्षेत्र के ग्राम विची में रहने वाला सुखली आदिवासी अपनी दो बेटी सखी बाई उम्र 10 वर्ष और सपना 12 वर्ष के साथ सिंध नदी किनारे नहा रहा था। इसी दौरान एक के बाद एक दोनों बेटियां गहरे पानी में डूब गई सुखली को पता ही नहीं चला। अचानक उसे ध्यान आया तो दोनों बेटियां गहरे पानी में थी। आनन-फानन में उसने सपना को बचा लिया जबकि सखी उसकी आंखों के सामने काल के गाल में समा गई। घटना की सूचना पर सुरवाया थाना प्रभारी हुकुम सिंह मीणा पहुंचे और मृत बालिका को पीएम के लिए भेजा जबकि सपना को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दूसरी घटना पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम गूगरी की है, गाँव की रहने वाली 9 वर्षीय बालिका नेहा पुत्री नीरज आदिवासी कल शाम बुधनी में नहाने के लिए गई हुई थी। तभी गहरे पानी में पहुँचने से नेहा डूब गई जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना लगने पर पिछोर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को बाहर निकालकर पीएम के लिए भेजकर मर्ग की कायमी की।




