करैरा विधायक के नप प्रतिनिधि ने दिया अपने पद से त्याग पत्र, लगाया भ्रष्टाचारियों का साथ देने का आरोप

शिवपुरी । नगर परिषद करैरा में विधायक शकुंतला खटीक के प्रतिनिधि पूर्व पार्षद दिलीप सिंह का अपने पद से मोह भंग हो गया है और उन्होंने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है। श्री यादव ने अपने त्याग पत्र में लिखा है कि मैं आपके साथ जिस उद्देश्य से जुड़ा था वह उद्देश्य पूर्णत: असफल रहा है। मैं चाहता था कि आप जनता की आवाज को विधानसभा में उठाएंगी, जनता को राहत दिलवाएंगी और भ्रष्टाचार के विरूद्ध लड़़ाई लड़ेंगी, लेकिन आपके साथ जुड़कर मुझे ऐसा महसूस हुआ कि जिन भ्रष्ट लोगों के विरूद्ध आपको आवाज उठाना चाहिए थी आप उन्हीं के पक्ष में खड़ी नजर आ रही हैं। उन्हीं के साथ मिलकर अपना हित साधने का काम कर रही है। इससे मैं बहुत आहत हूं। ऐसी स्थिति में आपकी कार्यशैली को देखते हुए अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर नगर परिषद करैरा में आपके प्रतिनिधि पद से त्याग पत्र देता हूँ और आप जिसको भी अपना प्रतिनिधि बनाना चाहें इसके लिए आप स्वतंत्र हैं। यहां बताना होगा कि इससे पूर्व भी विधायक शकुंतला खटीक के प्रतिनिधि वीर सिंह गुर्जर ने भी श्रीमती खटीक पर इसी तरह के आरोप लगाते हुए अपने पद से त्याग पत्र दिया था।