जबलपुर। अधारताल पुलिस ने बीती रात महाराजपुर तिराहा रिछाई इलाके में एक शातिर बदमाश को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाश पर एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक प्रकरण शहर के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।अधारताल टीआई विपिन ताम्रकार ने बताया कि शनिवार की रात 12.30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराजपुर तिराहा सुमन नगर रिछाई के पास शुभम मिश्रा नाम का बदमाश शराब पीकर लोगों को धमका रहा है। जिस पर थाने की एक टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस को देखते ही शुभम भागने लगा, लेकिन उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। शुभम के कब्जे से एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुई है। टीआई के अनुसार शुभम आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ हत्या का प्रयास, अवैध वसूली, चाकूबाजी के डेढ़ दर्जन से अधिक प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं।
मजदूरी मांगने पर गाल में मारी ब्लेड
जबलपुर। हनुमानताल के बाबा टोला इलाके में रहने वाले अनिल चौधरी को शनिवार रात आकाश केवट ने गाल में ब्लेड मारकर घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार अनिल को आकाश से अपनी मजदूरी के 200 रुपए लेने थे, लेकिन पैसे देने से आकाश इंकार कर रहा था। रात में अनिल ने एक बार फिर पैसे मांगे, तो आकाश भड़क गया और उसने हमला कर दिया।
———–
एक्सीडेंट में घायल की मौत
जबलपुर। माढ़ोताल में टिमरी गांव के पास 16 दिसंबर की रात सड़क हादसे में घायल हुए उजरौड़ गांव भेड़ाघाट निवासी नंदकुमार पटेल (37) की रविवार सुबह मौत हो गई।



