शिवपुरी। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र महाआर्यमन शनिवार को शिवपुरी पहुंचे और यहां युवा सम्मेलन सहित कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल भी हुए। महाआर्यमन ने युवा सम्मेलन में युवाओं का आभार जताया और एकजुट होकर मैदान मारने की बात कही तो वहीं आ देखें जरा किसमें कितना है दम गाना भी लोगों के बीच गाया और तालियां बटोरीं। युवा सम्मेलन का आयोजन जनपद पंचायत सदस्य अमित शिवहरे ने किया था। संचालन यूथ प्रदेश सचिव इरशाद पठान ने किया। युवक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, पुनीत शर्मा एनएसयूआई अध्यक्ष, सिद्घार्थ चौहान, प्रताप गुर्जर, पृथ्वी यादव, आकाश यादव, प्रकाश रावत, आशीष भार्गव, केशव धाकड़, सुशील धाकड़, अजय धाकड़, मुन्ना खान, जुनैद खान, अजहर पठान सहित अंकुश शिवहरे शामिल थे।
महाआर्यमन ने राजनीति को लेकर बड़ा बयान शिवपुरी दौरे के समय दिया। उनका कहना था कि यकीनन राजनीति इतनी आसान नहीं होती जितना लोगों को दिखती है। लोगों को लगता है कि नेता लाल बत्ती लगाकर चलते हैं लेकिन ये सब इतना आसान नहीं हैं। राजनीति सेवा का माध्यम होना चाहिए। बिना किसी का नाम लिए महाआर्यमन ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा कि कुछ लोगों को लगता है कि झूठ की राजनीति कर सफल हो जाएंगे लेकिन अब समय बदल रहा है और हम सबको मिलकर मध्यप्रदेश की राजनीति के चेहरे को बदलना होगा।
प्रदेश में कई अहम मुददे ऐसे हैं जिनके कारण आमजन परेशान हैं और हम एक जुट होकर खड़े हुए तो चेहरा बदलने में देर नहीं लगेगी। इससे पूर्व महाआर्यमन ने सतनवाड़ा स्थित फिल्टर प्लांट, एनटीपीसी कॉलेज, एनपीटीआई कॉलेज, मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। जब उनसे पूछा गया कि ये सब देखकर आपको क्या कमियां नजर आईं तो महाआर्यमन ने कहा कि हम जो भी काम लेकर आते हैं। वह विपरीत पार्टी की सरकार होने के चलते 10 साल में पूरे होते हैं। यहां सरकार दूसरी है फिर भी हम कोशिश कर रहे हैं कि शिवपुरी की जनता को जल्द से जल्द पानी मिल सके।






Be First to Comment