
शिवपुरी। जिले के कई थानों में पुलिस द्वारा धड़ाधड़ अवैध शराब के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। यह शराब कोई कम मात्रा में नहीं, बल्कि कई-कई पेटियां जब्त की जा रही हैं। अब यहां सवाल उठता है कि यह अवैध शराब पुलिस को ही दिखाई देती जबकि आबकारी विभाग को क्यों नहीं? या फिर कह सकते हैं कि आबकारी विभाग के कर्ताधर्ताओं की सह पर ही शराब ठेकेदारों द्वारा अपने गुर्गों की मदद से यह कारोबार किया जा रहा है। इसी तरह का मामला सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। क्षेत्र में शराब माफियाओं द्वारा पुलिस की नाक में दम कर रखा है, लेकिन पुलिस भी पीछे नहीं हट रही है और पूरी सख्ती से इसका जबाव देने के लिए तैयार है। बताया जाता है कि क्षेत्र में कुछ समय पूर्व एक नया ठेका हुआ था जिसके चलते दोनों ठेकेदारों मे छत्तीस का आंकड़ा बना हुआ है और आए दिन दोनों ही पक्षों में झगड़े होते रहते हैं जिसके चलते क्षेत्र में अशांति का माहौल भी निर्मित होता है। सूत्रों की मानें तो सुभाषपुरा पुलिस द्वारा हाल ही में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है जिसमें दोनों ठेकेदार के 12-12 लोगों से बोंड भराए गए हैं। पुलिस द्वारा पिछले सप्ताहभर में अवैध शराब विक्रेताओं और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है जिससे शराब माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।






Be First to Comment