Press "Enter" to skip to content

दोशियान कंपनी पानी पहुंचने वाले क्षेत्रों में लाइन विछाने की भी कार्यवाही करें

बैठक में दिए अधिकारियों को निर्देश

शिवपुरी। खेल एवं युवा कल्याण, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने सिंध जलावर्धन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए दोशियान कंपनी को निर्देश दिए कि कार्य में गति लाते हुए नगरवासियों को शीघ्र पानी उपलब्ध कराए। कंपनी द्वारा नगर की पांच टंकियों में जहां पानी पहुंचने वाला है, उन क्षेत्रों में वितरण लाईन विछाने के साथ-साथ नागरिकों को नल कनेक्शन भी देने की कार्यवाही करें। इसके लिए अतिरिक्त टीमें लगाई जाए।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने उक्त आशय के निर्देश आज जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में सिंध जलावर्धन योजना, मेडीकल कॉलेज, हाउसिंग बोर्ड, प्रधानमंत्री आवास, शिवपुरी सीवर लाईन एवं शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या के निराकरण हेतु आयोजित बैठक में व्यक्त किए। बैठक में विधायक पोहरी प्रहलाद भारती, कलेक्टर तरूण राठी, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाण्डे, मेडीकल कॉलेज की डीन डॉ.श्रीमती ज्योति बिंदल, पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित थे। 
श्रीमती सिंधिया ने कहा कि पेयजल की समस्या दुनिया की समस्या है। इस समस्या से निपटने हेतु सभी वर्गों को मिलजुलकर दूर करना होगा। इसके लिए शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पानी का संरक्षण कैसे हो, इसके लिए हमें संयुक्त प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि नगर की पांच टंकियां जिसमें गांधी पार्क, चीलहोद(कमलागंज), कलेक्ट्रेट, पुराना ठकुरपुरा और सब्जी मण्डी में स्थित टंकियों के माध्यम से घरों में शीघ्र पानी मिलना शुरू होगा। इन क्षेत्रों में अतिरिक्त टीमें लगाई जाकर कार्य किया जाए।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल की समस्या पर चर्चा करते हुए कहा कि माधो महाराज ने प्रत्येक गांव में जल संरक्षण एवं जल संग्रहण के लिए तालाबो का निर्माण कराया था। इन तालाबों को चिंहित कर उनके गहरीकरण का कार्य कराया जाए। जिससे पानी का संग्रहण किया जा सके। ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं के तहत तालाब निर्माण हेतु भी ग्रामीणों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित कर अनुदान का भी लाभ दिलाए। नागरिकों को जल संरक्षण के उपायो को भी अपनाने हेतु प्रेरित करें। श्रीमती सिंधिया ने बैठक में मेडीकल कॉलेज की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि मेडीकल कॉलेज के निर्माण कार्य में गति लाई जाए। उन्होंने इस दौरान जिला चिकित्सालय के विस्तारीकरण कार्य की भी समीक्षा की। श्रीमती सिंधिया ने नगर पालिका एवं जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय के मुख्य द्वार के आसपास लगने वाले हाथठेले एवं दुकानों को चिकित्सालय के पास ही हॉकर्स जॉन स्थापित करने हेतु भूमि का चयन करें। इस संबंध में उन्होनें पार्षदगणों सहित समाज के अन्य वर्गों से सुझाव देने का आग्रह किया। बैठक के पूर्व उन्होनें श्रीसत्यनारायण एवं नवगृह मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम में भाग लिया। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!