नई दिल्ली

सुप्रीम कोर्ट में बागी विधायकों की याचिका पर होगी सुनवाई।
हिमाचल प्रदेश में अपनी ही सरकार के खिलाफ बगावत करने वाले 6 कांग्रेस विधायकों के मामले पर सुप्रीम कोर्ट (SC) में कल सुनवाई होगी। यह मामला एडमिशन के लिए सूचीबद्ध हो गया है। चैतन्य शर्मा व अन्य बनाम स्पीकर हिमाचल विधानसभा केस मंगलवार को न्यायाधीश संजीव खन्ना के पास कोर्ट नंबर दो में लगेगा।
इससे पहले स्टेट की ओर से भी SC में कैविएट फाइल कर दी गई है, ताकि बागी विधायकों की याचिका पर फैसला सुनाने से पहले स्टेट को भी अपना पक्ष रखने का अवसर मिल सके।
प्रदेशवासियों की नजरें अब SC के फैसले पर टिकी हुई हैं। इन बागी विधायकों को हिमाचल विधानसभा के स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने बीते 29 फरवरी को अयोग्य घोषित ठहराया है। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट करने वाले राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, आईडी लखनपाल, रवि ठाकुर, देवेंद्र कुमार भुट्टो और चैतन्य शर्मा को एंटी डिफेक्शन लॉ का दोषी ठहराया गया है।
व्हिप के उल्लंघन का आरोप
इन पर आरोप है कि पार्टी द्वारा व्हिप जारी करने के बावजूद ये लोग कट मोशन प्रस्ताव पर वोटिंग और बजट व फाइनेंशियल बिल पास करते वक्त सदन से गैर हाजिर रहे। स्पीकर ने इन्हें संसदीय कार्य मंत्री हर्ष वर्धन चौहान की याचिका पर सुनवाई करने के बाद अयोग्य घोषित ठहराया है। सभी बागी विधायक 28 फरवरी से ही प्रदेश से बाहर हैं। 10 दिन पंचकूला रुकने के बाद अब ऋषिकेश शिफ्ट हो गए हैं।
हिमाचल विधानसभा के स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया। इन्होंने कांग्रेस के छह विधायकों को अयोग्य घोषित किया है।
इन्होंने बीते सप्ताह ही स्पीकर के आदेशों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इनका केस अब जाकर सूचीबद्ध हुआ है। इन्होंने स्पीकर के आदेशों को चुनौती देते हुए स्टे ऑर्डर देने की गुहार लगाई है।
सरकार ने बागी विधायक के पिता पर की FIR
वहीं, इससे जुड़े मामले में सरकार ने बागी विधायक चैतन्य शर्मा के पिता एवं रिटायर IAS राकेश शर्मा और इंडिपेंडेंट MLA आशीष शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। इन पर विधायकों की खरीद-फरोख्त और सरकार गिराने के लिए षड्यंत्र रचने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिमला के बालूगंज थाना में FIR कर जांच तेज कर दी है।
बागियों के वोट से राज्यसभा चुनाव हार गई कांग्रेस
कांग्रेस के 6 बागी विधायकों ने बीते 27 फरवरी को राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन को वोट डाला है। इससे हिमाचल में बहुमत के बावजूद कांग्रेस राज्यसभा चुनाव हार गई। कांग्रेस के 6 बागी सहित तीन निर्दलीय ने भी भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया। इससे भाजपा के हर्ष महाजन और कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी को 34-34 वोट मिले। बाद में लॉटरी से हर्ष महाजन चुनाव जीत गए।
वोटिंग से पहले विधानसभा में ये था संख्या बल
68 विधायकों वाली हिमाचल विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 MLA, बीजेपी के पास 25 और तीन निर्दलीय थे। बावजूद इसके कांग्रेस चुनाव हार गई।











Be First to Comment