वॉशिंगटन। अमेरिका के साथ ही भारत की कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के अपने फैसले के बारे में भारत ने पहले ही अमेरिका को बता दिया था। जब भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर बीते दिनों आसियान देशों के कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो से मिले थे, तब उन्हें बता दिया गया था कि मोदी सरकार क्या करने जा रही है। बहरहाल, ये मीडिया रिपोर्ट्स गलत साबित हुई हैं।
अमेरिका ने इनका खंडन किया है। दक्षिण और मध्य एशिया मामलों की अमेरिकी उप मंत्री एलिस जी वेल्स ने ट्वीट कर स्पष्टीकरण दिया कि अमेरिका को ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई। बता दें भारत जम्मू-कश्मीर को अपना अभिन्न अंग मानता है और वहां से जुड़े मामलों को आंतरिक मसला बताता है। इस मुद्दे पर वह कोई भी बात पाकिस्तान से ही करने की बात कहता है।



