रन्नौद। रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम विजयपुरा में एक युवक के साथ बाइक पर सवार होकर शराब के नशे में धुत्त होकर जा रहे दो आरोपितों द्वारा बंधक बनाकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि उसने जब आरोपितों को गाली देने से मना किया तो दोनों ने मिलकर न सिर्फ उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी वरन उसको तीन दिन तक गांव में ही बंधक बनाकर रखा। ग्रामीणों की मदद से जैसे-तैसे वह रिहा होकर शुक्रवार को रन्नौद थाने पहुंचा जहां उसने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई।
जानकारी के अनुसार नरेंद्र श्रीवास्तव निवासी विजयपुरा 24 मई को गांव में ही अपने घर के बाहर खड़ा हुआ था तभी बाइक पर सवार होकर शराब के नशे में धुत्त होकर आए देवेंद्र लोधी और हल्के जाटव उसके साथ गाली-गलौंज करने लगे। फरियादी का कहना है कि जब उसने दोनों को गाली देने से मना किया तो आरोपित इस कदर गुस्से में आ गए कि उसके साथ मारपीट कर उसे बंधक बनाकर गांव में एक घर में बंद कर दिया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि उसको इस दौरान आरोपितों द्वारा लोहे के गर्म सरियों से दागा गया और उसकी बुरी तरह मारपीट की गई। शुक्रवार की सुबह गांव वालों और एक आरटीआई कार्यकर्ता की मदद से पीड़ित खुद को आरोपितों के चंगुल से छुड़ाकर थाने पहुंचा और थाने में समूचा घटनाक्रम सुनाया। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।






Be First to Comment