शिवपुरी। बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम झलवासा निवासी शिवसिंह जाटव ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर अपने साड़ू हक्को जाटव और उसकी पत्नी ममता जाटव सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर 58 हजार की उधारी वापस नहीं करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक हक्को जाटव और उसकी पत्नी ममता ने 1 दिसंबर 2024 को घरेलू जरूरतों के लिए शिवसिंह से 58 हजार उधार लिए थे और एक महीने में लौटाने की बात कही थी। आरोप है कि कई बार पैसे मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं की गई और मांग करने पर गाली-गलौज व विवाद किया गया।
शिवसिंह का आरोप है कि उसकी पत्नी सोमवती, दो बच्चों और कुछ जेवरों के साथ मायके चली गई है और ससुराल पक्ष उसे वापस नहीं भेज रहा है। शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई है कि उसकी पत्नी को कहीं और भेजने का प्रयास किया जा सकता है।
20 सितंबर को पत्नी और बच्चों को वापस लाने तथा उधार के पैसे मांगने के दौरान बरौद रोड के आगे नदी के पास विवाद हुआ। शिकायत के अनुसार हक्को, ममता और मथुरा जाटव ने शिवसिंह और उसके पिता के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
शिवसिंह ने बताया कि घटना की शिकायत बैराड़ थाने में की गई, शिकायतकर्ता ने एसपी से मामले में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई, परिवार की सुरक्षा तथा पत्नी-बच्चों को घर वापस भेजने में मदद की मांग की है।




