शिवपुरी। जिले के बामौरकला थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगा रिजौदा निवासी एक परिवार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर एक युवक सहित कई लोगों पर नाबालिग बेटी को कथित रूप से जबरन कार में बैठाकर ले जाने, कट्टा दिखाने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। शिकायत में परिवार ने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक 19 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे नाबालिग घर से बाहर निकल रही थी। इसी दौरान विक्की उर्फ विकास वंशकार ने कथित रूप से उसे जबरन चार पहिया वाहन में बैठा लिया और हथियार दिखाकर डराया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बच्ची को वाहन में ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ की गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने बच्ची की जबरन शादी विक्की वंशकार से कराने की बात कही तथा विरोध करने पर परिवार को धमकाया और मारपीट की।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वह बेटी को लेकर बामौरकला थाने पहुंचा, लेकिन वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि गांव का चौकीदार आरोपियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
परिवार ने एसपी से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।




