Press "Enter" to skip to content

सरकारी नौकरी बाला लड़का मिलने पर 5 साल पहले तय हुई शादी तोड़ी, मंगेतर की सिर कटी लाश रेलवे ट्रैक पर मिली / Shivpuri News

शिवपुरी के पिपरसमा ब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात एक युवक की गर्दन कटी लाश मिली है। मृतक की पहचान महल कॉलोनी निवासी आकाश रजक उम्र 25 साल के रूप में हुई है। आकाश एसबीआई बैंक में अस्थाई कर्मचारी था। आकाश मंगलवार शाम से लापता था, जिसके बाद देर रात उसकी लाश रेलवे ट्रैक पर मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है और एक युवती के परिवार वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

5 साल पहले तय हुई शादी टूटी

मृतक के ताऊ नारायण रजक ने बताया कि पांच साल पहले आकाश की शादी शहर की एक युवती से तय हुई थी। दोनों के बीच करीबी बढ़ गई थी। लड़की के घर भी आती-जाती थी। कुछ समय पहले लड़की के परिवार को एक सरकारी नौकरी वाला लड़का मिल गया। इसके बाद उन्होंने आकाश से रिश्ता तोड़ दिया। युवती आकाश से ही शादी करना चाहती थी। लेकिन उसके परिवार वालों ने इसका विरोध किया।

चार दिन पहले मिली थी धमकी, फिर मिली लाश

मृतक के भाई गिर्राज रजक के अनुसार, चार दिन पहले युवती के पिता और भाइयों ने आकाश के घर आकर उसे धमकाया था कि वह युवती से दूर रहे। मंगलवार शाम को भी युवती के पिता और भाइयों ने आकाश को फिर धमकी दी, जिसके बाद वह स्कूटी लेकर घर से निकल गया। फिर देर रात 12 बजे के आसपास उसकी गर्दन कटी लाश पिपरसमा ब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर मिली। परिजनों ने युवती के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है।

इधर देर रात सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आधार कार्ड से मृतक की पहचान की। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला ट्रेन से कटने का लग रहा है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि आकाश की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया ताकि इसे हादसा दिखाया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

हत्या या हादसा, पुलिस जांच में जुटी

परिजनों की मांग है कि पुलिस इस मामले की गहन जांच करे और युवती के परिवार से सख्ती से पूछताछ करे। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!