,

पत्नी पर चरित्र संदेह, हैवान बने पति ने किया बर्बर हमला: आरोपी गिरफ्तार, पुल से कूदने के कारण पैर टूटा / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के पोहरी कस्बे में एक पति ने अपनी पत्नी पर चरित्र संदेह के चलते खौफनाक हमला कर दिया। आरोपी ने धारदार हथियार से पत्नी की आंखों पर वार किया और उसके गुप्तांग सहित पूरे शरीर को चोटिल कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शादी के तीन साल बाद भी नहीं था विश्वास

ग्राम ककरौआ निवासी हमीद खान की बेटी शहनाज (24) की शादी तीन साल पहले ग्राम चकराना निवासी छोटू खान से हुई थी। शादी के बाद दोनों पोहरी में अकेले रहते थे, जहां छोटू मोबाइल की दुकान पर काम करता था।

छोटू को शक था कि उसकी पत्नी का पड़ोस में रहने वाले युवक से अवैध संबंध है। इसी शक के कारण दोनों के बीच कई महीनों से विवाद चल रहा था। इसी के चलते तीन महीने पहले शहनाज मायके चली गई थी। चार दिन पहले ही छोटू उसे मनाकर वापस ले आया था।

मोबाइल बना विवाद की वजह, पति ने खोया आपा

बुधवार दोपहर छोटू को शक हुआ कि उसकी पत्नी के पास पड़ोसी युवक का दिया हुआ मोबाइल है। जब उसने शहनाज से मोबाइल मांगा और उसने इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर छोटू ने हंसिया और चाकू से हमला कर दिया।

छोटू ने पत्नी की आंखों पर हमला करने के अलावा, पेट, गर्दन और गुप्तांग पर भी वार किए। दर्द से तड़पती शहनाज को वह मरा हुआ समझकर भाग गया।

वारदात के बाद छोटू अपने साडू (पत्नी की बहन के पति) इमरान की दुकान पर पहुंचा और कहा, “मैं अपनी पत्नी को खत्म कर आया हूं।” तब इमरान ने घर पहुंचकर शाहनाज को अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिया से कूदकर भागने की कोशिश, फिर गिरफ्तार –

पोहरी एसडीओपी सुजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस को देखकर छोटू भागने की कोशिश में पुलिया से कूद गया, जिससे उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

डॉक्टर बोले- जान बच गई, आंखों पर आए टांके

डॉ. गिरीश चतुर्वेदी के मुताबिक, महिला की आंखों, प्राइवेट पार्ट और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार के निशान हैं। हालांकि, उसकी आंखें सुरक्षित हैं, लेकिन पलकों पर टांके लगाने पड़े हैं।