Press "Enter" to skip to content

8 करोड़ की संपत्ति का मालिक निकला शिक्षक: 5 करोड़ के 52 प्लॉट, घर से 12 बैंक खातों की पासबुक मिली; EOW की कार्रवाई / Shivpuri News

शिवपुरी: आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने आज बुधवार सुबह शिवपुरी जिले के कस्बा भौंती में प्राथमिक सहायक शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के घर पर छापा मारा। छापे में भदौरिया और उनके परिजनों के नाम पर करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ है। ईओडब्ल्यू ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि शिक्षक के नाम पर 8 करोड़ से भी ज्यादा की संपत्ति है। जिनमें दुकानें, घर, कार, सोना-चांदी, ट्रक-ट्रैक्टर और भी अन्य चीजें शामिल हैं। आय से अधिक संपत्ति के आरोप में दर्ज मामले के तहत यह कार्रवाई की गई।

शिक्षक के घर से छापे में एजेंसी को एक रिहायशी भवन और 11 दुकानें (अनुमानित कीमत: 1 करोड़ 70 लाख रुपए), पिछोर रोड पर 10 दुकानें (अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपए), 52 प्लॉट से संबंधित रजिस्ट्री (अनुमानित कीमत: 5 करोड़ रुपए) के बारे में पता चला है।

एक ट्रैक्टर, 5 थ्रेसर, एक टैंकर, चार ट्रॉली का मालिक है शिक्षक
इसके अलावा चल संपत्ति में नगद- 4 लाख 71 हजार 370 रुपए, 371 ग्राम सोना (अनुमानित कीमत: 23 लाख 42 हजार 214 रुपए), 2 किलो 826 ग्राम चांदी (अनुमानित कीमत: 1 लाख 28 हजार 736 रुपए), एक ट्रक (अनुमानित कीमत: 23 लाख रुपए), एक स्कॉर्पियो (अनुमानित कीमत: 5 लाख रुपए), फर्नीचर (अनुमानित कीमत: 2 लाख रुपए), एलसीडी टीवी और एसी (अनुमानित कीमत: 1 लाख 40 हजार रुपए), एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (अनुमानित कीमत: 50 हजार रुपए), एक ट्रैक्टर, 5 थ्रेसर, एक टैंकर, चार ट्रॉली, तीन कल्टीवेटर (अनुमानित कीमत: 25 लाख रुपए) भी बरामद किए हैं।

घर से 12 बैंक खातों की पासबुक मिली
ईओडब्ल्यू के अनुसार, सुरेश सिंह भदौरिया ने अपने सेवाकाल में लगभग 38 लाख 4 हजार रुपए वेतन के रूप में कमाए हैं। लेकिन, छापे में मिली संपत्तियों की अनुमानित कीमत 8 करोड़ 36 लाख 32 हजार 340 रुपए है। इस प्रकार, आरोपी ने अपनी वैध आय से 7 करोड़ 98 लाख 28 हजार 340 रुपए की अधिक संपत्ति अर्जित की है। ईओडब्ल्यू को छापे के दौरान 44 भू अधिकार पुस्तिकाएं और 12 बैंक खातों की पासबुक मिली हैं। जांच एजेंसी इन दस्तावेजों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

भौंती में आकर बस गए थे
जानकारी के मुताबिक शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया भिंड जिले के रहने वाले हैं। सालों पहले वह भौंती में आकर बस गए थे। सुरेश वर्ग तीन के शासकीय शिक्षक है, जो कैडर गांव के प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ हैं। सुरेश सिंह भदौरिया पिछोर के कद्दावर नेता केपी सिंह कक्काजू के करीबी माने जाते हैं। टीचर बनने के पहले सुरेश राशन की दुकान चलाते थे। फिर वो जमीन खरीदी का काम भी करने लगे थे। बता दें, सुरेश सिंह भदौरिया पर हरिजन एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक एफआईआर दर्ज हैं।

थाने की जमीन पर कब्जा
सुरेश सिंह भदौरिया भौंती थाना की जमीन को अपना बता कर कब्जा कर लिया था। उन्होंने कोर्ट में दावा भी किया था, लेकिन एक महीने पहले ही वह कोर्ट से केस हार गए। इसके बाद प्रशासन अब कब्जे पर से अतिक्रमण हटाने की तैयारी में हैं।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!