,

किसान लापता 6 लाख फिरौती मांगी: खुद के फोन से बेटे को आया कॉल, पुलिस मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर रही / Shivpuri News

शिवपुरी के सिरसौद थाना क्षेत्र के खोरघार गांव में गुरुवार सुबह एक किसान लापता हो गया। जिसके बाद किसान के मोबाइल से बेटे के फोन पर कॉल कर के फिरौती मांगी गई। परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, खोरघार गांव निवासी होतम यादव (52) गुरुवार सुबह खेत पर जाने के लिए निकले थे, लेकिन जब दोपहर तक वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच उनके बेटे के पास होतम के ही मोबाइल से कॉल आया और 6 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई।

पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जब परिजनों से बयान लिए और मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की। पुलिस का मानना है कि मामला सीधा अपहरण का नहीं भी हो सकता है।

एसडीओपी सुजीत भदौरिया ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की गहराई से छानबीन की जा रही और किसान की तलाश जारी है।