,

शिवपुरी-झांसी हाईवे पर ट्रक ने बस को मारी टक्कर: 5 लोग घायल, झांसी रेफर किया गया; ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा / Shivpuri News

शिवपुरी-झांसी हाईवे पर दिनारा के पास मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार आयसर ट्रक और बस की टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार 4-5 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को हाईवे एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिए झांसी भेजा गया है।

कृष्णा बस सर्विस की सवारी से भरी बस (RJ25PA3479) मंगलवार को शिवपुरी से झांसी की जा रही थी। दिनारा के आगे रामू ढावा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार आयसर ट्रक (UP94T9888) ने बस को ओवरटेक करने के दौरान टक्कर मार दी। बस ड्राइवर जमुनाप्रसाद शर्मा (50) ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही बस में बैठे सवारियों को चोट आईं है।

ट्रक ड्राइवर फरार

हादसे के बाद घायलों को तत्काल हाईवे की एम्बुलेंस से इलाज के लिए झांसी अस्पताल भेजा गया। बस में धर्मेंद्र यादव निवासी करैरा और चीकू यादव निवासी कालीपहाड़ी सहित 4-5 लोग घायल हुए हैं। दिनारा थाना पुलिस ने घटना की शिकायत पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद से ट्रक ड्राइवर फरार है।