,

MP के 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जबलपुर-सागर समेत: MP का मौसम मार्च में चौथी बार बदला; ओले गिरे और आँधी भी चली /मध्यप्रदेश

भोपाल

साइक्लोनिक सर्कुलेशन, ट्रफ और वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से मध्यप्रदेश का मौसम एक बार फिर बदल गया है। शुक्रवार को मुरैना में ओले-बारिश हुई, जबकि खरगोन में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। ग्वालियर, सागर, रतलाम और भोपाल में भी हल्की बूंदाबांदी, आंधी और बादल छाए रहे। कई शहरों में गर्मी का भी असर रहा। दमोह में टेम्प्रेचर 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसा ही मौसम शनिवार को भी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को सागर, दमोह, जबलपुर, पन्ना, डिंडोरी, उमरिया, सतना, रीवा, मऊगंज और मैहर जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान है।

इसलिए बदला मौसम

IMD भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ, ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव होने से प्रदेश में नमी आ रही है। इस वजह से कहीं गर्मी तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। 30 मार्च को भी प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। साथ में गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी।

भोपाल में धूप-छांव वाला मौसम

राजधानी भोपाल में धूप-छांव वाला मौसम है। शुक्रवार को सुबह से बादल छाए रहे। शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार- अगले 4 दिन तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।

मार्च में गर्मी का ट्रेंड, इस बार बारिश भी

मार्च के आखिरी दिनों में तेज गर्मी पड़ने का ट्रेंड है। अबकी बार भी ऐसा ही हो रहा है। 29 मार्च को प्रदेश के कई शहरों में हल्की बारिश का दौर चला। वहीं, कुछ शहरों में टेम्प्रेचर बढ़ा हुआ रहा। शनिवार को भी मौसम बदला रहेगा। धूप-छांव और हल्की बारिश हो सकती है।

सागर में तेज हवाओं के साथ शुक्रवार को बारिश हुई।

सागर में तेज हवाओं के साथ शुक्रवार को बारिश हुई।

11 शहरों में 40 डिग्री के पार रहा टेम्प्रेचर

  • शुक्रवार को ओले-बारिश के साथ गर्मी का असर भी रहा। दमोह सबसे गर्म रहा। यहां टेम्प्रेचर 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, 11 शहरों में टेम्प्रेचर 40 डिग्री के पार रहा।
  • गुना, शिवपुरी, मंडला, मंडला और टीकमगढ़ में तापमान 41 डिग्री से अधिक रहा। वहीं, खजुराहो, सागर, खंडवा, नौगांव, उमरिया और सतना में भी तापमान 40 डिग्री या इससे अधिक रहा।
  • बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 39 डिग्री, इंदौर में 37.4 डिग्री, ग्वालियर में 39.6 डिग्री, जबलपुर में 40.4 डिग्री और उज्जैन में पारा 37.7 डिग्री दर्ज किया गया।

संबंधित खबरें