
फुटेज में ब्रिटिश यात्री क्रू मेंबर को घूंसा मारता नजर आ रहा है।
बैंकॉक से ब्रिटेन के हीथ्रो जा रही थाई एयरवेज की फ्लाइट में एक ब्रिटिश पैसेंजर ने क्रू मेंबर को घूंसा मार दिया। उसने प्लेन के टॉयलेट में तोड़फोड़ भी की। साथ ही जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इसके बाद उसे हीथ्रो एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना 7 फरवरी की बताई जा रही है। हालांकि, इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें 35 साल का ब्रिटिश नागरिक फ्लाइट में हिंसा करता नजर आ रहा है।

ब्रिटिश पैसेंजर ने क्रू मेंबर को घूंसा मारा। उसे रोकने की कोशिश भी की गई।
वीडियो बनाने वाली महिला बोली- वो दरवाजा पीट रहा था
घटना का वीडियो फ्लाइट में मौजूद एक महिला ने बनाया। उसने कहा, ‘ब्रिटिश नागरिक अपनी सीट से उठा और टॉयलेट में घुस गया। कुछ देर बाद टॉयलेट के अंदर से तोड़फोड़ की आवाज आने लगी। फिर शख्स जोर-जोर से उसका दरवाजा पीटने लगा। दरवाजा टूटने लगा। दरवाजे में लगे बोल्ट निकल गए। इसके बाद वह बाहर आया। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो हाथापाई करने लगा। गालियां देने लगा। इस बीच एक क्रू मेंबर आया। शख्स ने उसे घूंसा मार दिया। वो जमीन पर गिर गया। उसकी नाक में चोट आई।

तस्वीर में क्रू मेंबर हिंसा करने वाले ब्रिटिश नागरिक को पकड़ता नजर आ रहा है।
पैसेंजर ने फ्लाइट दुबई डायवर्ट करने की मांग की
घटना के दौरान एक अन्य क्रू मेंबर ने अनाउंस किया कि अगर पैसेंजर शांत नहीं होता है, तो फ्लाइट को दुबई डायवर्ट किया जाएगा। हाथापाई और तोड़फोड़ के बाद दो अन्य पैसेंजर्स ने शख्स को पकड़ा और उसे सीट पर बैठाया। इसके बाद फ्लाइट को डायवर्ट किए बिना हीथ्रो एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। पूरे सफर के दौरान दो पैसेंजर्स शख्स को पकड़कर बैठे रहे।

तस्वीर में कैप पहना हुआ पैसेंजर एक अन्य पैसेंजर के साथ ब्रिटिश नागरिक को पकड़कर उसे सीट पर बैठाता नजर आ रहा है।
हीथ्रो में गिरफ्तार हुआ शख्स
जैसे ही फ्लाइट हीथ्रो एयरपोर्ट पर लैंड हुई एयरपोर्ट पर मौजूद पुलिस ने शख्स को गिरफ्तार कर लिया। शख्स ने ऐसा क्यों किया इसके बारे में जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। शख्स कहां रहता है, उसका नाम क्या है, वो क्या काम करता है, इस बारे में भी पुलिस ने कोई जानकारी शेयर नहीं की है।





Be First to Comment