Press "Enter" to skip to content

सीवर प्रोजेक्ट: ट्रंक लाइन डालने में सड़क किनारे रखे बोल्डर बन रहे बाधा, 20 करोड़ का ट्रीटमेंट प्लान तैयार / Shivpuri News

शिवपुरी. शहर में झांसी रोड पर स्थित बांकड़े हनुमान मंदिर के पास 20 करोड़ रुपए की लागत से ट्रीटमेंट प्लांट बनकर दो साल पहले तैयार हो गया, लेकिन लाइन अभी तक नहीं जुड़ सकी। ट्रंक लाइन के डालने में पत्थरों की चट्टानें बाधा बन गई तथा सड़क किनारे पत्थर बोल्डर के पहाड़ बन गए। प्लांट में ट्रीटमेंट होने के बाद उसके पानी को जहां एक नाले के माध्यम से कृषि कार्य में दिया जाएगा, वहीं उससे बनने वाली खाद का उपयोग भी खेती में किया जा सकेगा।

झील संरक्षण पायलट प्रोजेक्ट में शिवपुरी को शामिल करने के साथ ही चांदपाठा झील में घुल रही शहर से आने वाली सीवर की गंदगी को रोकने के लिए 57 करोड़ रुपए की लागत का सीवर प्रोजेक्ट स्वीकृत हुआ था। जो दो साल में पूरा होना था, लेकिन 7 साल में प्रोजेक्ट तो पूरा नहीं हुआ, जबकि लागत 120 करोड़ रुपए तक पहुंच गई।
शहरभर की सीवर गंदगी का ट्रीटमेंट करने वाला प्लांट 20 करोड़ रुपए की लागत से बांकड़े मंदिर के पास वर्ष 2021 में बनकर तैयार हो गया। लेकिन जिस ट्रक लाइन को इस प्लांट से जोड़ना है, उसका काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया तथा झांसी रोड पर पत्थरों की चट्टानें खोदकर उसमें लाइन डाली जा रही है। जमीन में गहराई तक डाली जा रही ट्रंक लाइन के बीच आए पत्थर को तोड़कर आगे बढ़ने में प्रोजेक्ट की गति कछुआ चाल की सी हो गई।

डेढ किलोमीटर की खुदाई अभी शेष
ट्रंक लाइन का काम अभी झांसी रोड पर ठाकुर बाबा मंदिर के पास तक पहुंच गया है। वहां से लगभग 150 मीटर तक की लाइन का काम अभी शेष रह गया है। चूंकि जब तक ट्रंक लाइन का काम पूरा नहीं होगा, तब तक ट्रीटमेंट प्लांट काम शुरू नहीं कर पाएगा। जमीन में पत्थर की चट्टान होने की वजह से काम की गति धीमी हो गई है।

ट्रंक लाइन जोड़ने के बाद होगी टेस्टिंग
झांसी रोड ट्रंक लाइन का काम पूरा होने के बाद उसे ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ने के बाद शहर में डाली गई सीवर लाइन की टेस्टिंग की जाएगी। जिसमें बड़ी मशीनों से लाइन को प्रेशर से साफ करवाया जाएगा। ट्रंक लाइन ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़ जाएगी, तो फिर टेस्टिंग के बाद उसे ट्रंक लाइन में जोड़ा जाएगा।

तीन चरणों में होगा ट्रीटमेंट
ट्रीटमेंट प्लांट का काम करने वाली JSC कंपनी दिल्ली के प्लांट प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि ट्रंक लाइन से आने वाली गंदगी को तीन चरणों में ट्रीटमेंट किया जाएगा। पहले चरण में बड़ी पॉलीथिन व गंदगी को साफ किया जाएगा, दूसरे चरण में मिट्टी व गंदगी जमा होगी तथा तीसरे चरण में कीड़े के माध्यम से उसे साफ कराया जाएगा। प्लांट में ट्रीटमेंट होने के बाद उसके पानी को जहां एक नाले के माध्यम से कृषि कार्य में दिया जाएगा, वहीं उससे बनने वाली खाद का उपयोग भी खेती में किया जा सकेगा।

दो महीने में बिछा देंगे लाइन
ठाकुर बाबा घाटी पर 150 मीटर में सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। उम्मीद है कि 2 महीने में सीवर लाइन बिछा दी जाएगी। उसके बाद सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की टेस्टिंग करके से चालू कराया जाएगा।-
एलएन सिंह, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग शिवपुरी

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!