Press "Enter" to skip to content

शादी से पहले युवती लापता, बबीना से बरामद; युवक पर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी की जवाहर कॉलोनी निवासी एक युवती के लापता होने के मामले में पुलिस ने झांसी के बबीना क्षेत्र से उसे दस्तयाब कर लिया है। युवती की शादी 20 अप्रैल को तय थी, लेकिन 9 अप्रैल की सुबह वह घर से दुकान जाने की बात कहकर निकली और वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने गुम इंसान कायम कर तलाश शुरू की थी।

पीड़िता के पिता के अनुसार युवती ने फोन कर बताया था कि उसे बबीना में बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस झांसी के बबीना पहुँची और एक किराए के कमरे से युवती को बरामद किया। बताया गया है कि आरोपी उसे पहले अजमेर और बाद में झांसी लेकर गया था।


महिला उपनिरीक्षक प्रियंका पाराशर को दिए बयान में युवती ने आरोप लगाया कि शाहिद उर्फ मुन्ना खान ने उसे प्रेमजाल में फंसाया, शादी का झांसा दिया और उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उस पर मांस खाने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया।

मामले में आरोपी की रिश्तेदार नजीम खान पर युवती को बहला-फुसलाकर भगाने में मदद करने का आरोप लगाया गया है। वहीं, कुछ संगठनों द्वारा शहर के कथित फर्जी पत्रकारों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। पुलिस ने कहा है कि मामले से जुड़े हर पहलू की जांच की जाएगी।


युवती के बरामद होने और मामले में विशेष समुदाय के युवक का नाम सामने आने के बाद बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ता बड़ी संख्या में देहात थाने पहुँचे और नाराजगी जताई।

देहात थाना पुलिस ने आरोपी शाहिद खान और नजीम खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 64(2)(m), 87, 61(2) और 127(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शाहिद खान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!