खनियांधाना/ नगर परिषद खनियांधाना में सिर्फ एक वोट से कांग्रेस की छाया साहू अध्यक्ष निर्वाचित हो गईं। अध्यक्ष चुनाव के दूसरे दिन भाजपा प्रत्याशी डॉ. रितु जैन ने एसडीओपी के कॉल की जांच कराने की मांग की है। डॉ. रितु का कहना है कि चुनाव के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी की अपने मोबाइल से बात कराई थी। इसके बाद निर्दलीय पार्षद के एक वोट से चुनाव का समीकरण बदल गया। डॉ. रितु अपनी हार के बाद इस मामले में एसडीओपी के मोबाइल कॉल की जांच कराने की मांग कर रहीं हैं, ताकि असलियत पता चल सके कि चुनाव के दौरान पिछोर एसडीओपी ने अपने मोबाइल से निर्दलीय पार्षद मनीराम अहिरवार की आखिर किस व्यक्ति से बात कराई थी। दरअसल खनियांधाना में भाजपा 8 वोट से बहुमत में चल रही थी। लेकिन एकाएक राधा चौहान ने कांग्रेस की सदस्यता लेकर पूरा समीकरण ही बदल दिया।
राधा चौहान के दल बदलने से भाजपा-कांग्रेस 7-7 वोट के साथ बराबरी पर आ गईं। चुनाव में निर्णायक भूमिका एक मात्र निर्दलीय पार्षद मनीराम अहिरवार की रही। छाया साहू को 8 वोट मिले और एक वोट से जीत दर्ज करके अध्यक्ष पद हासिल कर लिया। वहीं इस संबंध में भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्यप्रकाश भरदेलिया का कहना है कि पिछोर एसडीओपी तोमर द्वारा चुनाव प्रक्रिया को बाधित किया, यह गंभीर विषय है। हम इस मामले को वरिष्ठ स्तर पर रखेंगे और कार्रवाई कराएंगे।
अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान पिछोर एसडीओपी दीपक तोमर ने सभी मीडियाकर्मियों को परिसर से बाहर करा दिया। बाद में निर्दलीय पार्षद की बात कराने की बात सामने आई। फिर अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग हुई। यह जानकारी चुनाव के बाद सामने आई तो धीरे-धीरे मामला तूल पकड़ने लगा और अब भाजपा उम्मीदवार डॉ रितु जैन ने कॉल की जांच कराने की मांग रख दी है।






Be First to Comment